कानपुर से दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु का हवाई किराया बढ़ा:त्योहारों से पहले इंडिगो ने बढ़ाए दाम, जेब पर पड़ेगा भारी असर


कानपुर। त्योहारों का मौसम शुरू होने से पहले ही हवाई यात्रियों की जेब पर महंगाई का असर पड़ने लगा है। विमान ईंधन की सितंबर व अक्टूबर में हुई 13 प्रतिशत बढ़ोतरी के बीच इंडिगो ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर चार्ज बढ़ा दिया है। इसका सीधा असर टिकट के किराए पर पड़ा है। कानपुर से दिल्ली, मुंबई और बंगलुरू जाने वाले यात्रियों को अब पहले के मुकाबले अधिक किराया चुकाना पड़ेगा। त्योहारों के दौरान बढ़ती मांग ने किराए में और बढ़ोतरी कर दिया है। कानपुर एयरपोर्ट से दिल्ली और मुंबई के लिए रोजाना उड़ान संचालित होती है, जबकि बंगलुरू के लिए सोमवार, बुधवार और शनिवार को फ्लाइट उपलब्ध है। मौजूदा किराए की तुलना में दिल्ली रूट पर औसत किराए में करीब 68 फीसदी, मुंबई रूट पर 51 फीसदी और बंगलुरू रूट पर करीब 56 फीसदी तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ऐसे में नवरात्र, दशहरा और दीपावली के दौरान हवाई यात्रा करने वालों का बजट बिगड़ सकता है। दिल्ली का सफर 600 रुपये महंगा कानपुर से दिल्ली जाने वाली इंडिगो फ्लाइट का किराया पहले करीब 4,374 रुपये था, जो अब बढ़कर 4,974 रुपये तक पहुंच गया है। यानी यात्रियों को करीब 600 रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ रहे हैं। त्योहारों के दौरान सीटों की मांग बढ़ने पर यह किराया और ऊपर जा सकता है। मुंबई के लिए भी बढ़ा खर्च कानपुर से मुंबई की उड़ान का किराया पहले 6,173 रुपये था। अब यही टिकट करीब 6,773 रुपये में मिल रहा है। यानी यात्रियों पर करीब 600 रुपये का अतिरिक्त भार पड़ा है। मुंबई रूट पर रोजाना उड़ान होने के बावजूद त्योहारों के दौरान बढ़ती बुकिंग के कारण किराए में तेजी बनी हुई है। बंगलुरू का टिकट सबसे ज्यादा महंगा कानपुर से बंगलुरू जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ रही है। पहले इस रूट का किराया करीब 8,222 रुपये था, जो अब बढ़कर 8,967 से 9,420 रुपये तक पहुंच गया है। यानी किराए में करीब 745 से 1,198 रुपये तक का अंतर आ गया है। एयरपोर्ट डायरेक्टर प्रदीप यादव ने बताया कि विमान ईंधन के दाम बढ़ने से फ्यूल चार्ज में वृद्धि हुई है। इसके साथ ही त्योहारों के समय यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ने के कारण हवाई टिकटों के दाम भी बढ़े हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *