![]()
अयोध्या जिले में सोमवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। तेज गरज-चमक के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी ने कई इलाकों में तबाही मचा दी। पेड़ और बिजली के खंभे उखड़कर सड़कों पर गिर गए। कई जगह टीनशेड उड़ गए। इससे प्रयागराज हाईवे समेत प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। रुदौली में बारिश के साथ । सोहावल क्षेत्र में पेड़ गिरने से कई इलाकों की बिजली सप्लाई ठप हो गई। बीकापुर में दीवार और टी-शेड गिरा, चार मलबे में दबे रामदासपुर मझौली गांव में पक्की ईंटों की दीवार और टी-शेड अचानक भरभराकर गिर गया। इसके नीचे छह वर्षीय तनिष्क चौरसिया, आठ वर्षीय अर्पित चौधरी चौरसिया, 12 वर्षीय कार्तिक चौरसिया और 17 वर्षीय सहबाग दब गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों और परिजनों ने मलबा हटाकर चारों को बाहर निकाला। सभी को बीकापुर सीएचसी की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। चिकित्सक डॉ. संत कुमार मौर्य ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन 108 एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
रुदौली में ओलों की सफेद चादर रुदौली क्षेत्र में दोपहर बाद तेज बारिश के साथ ओले गिरे। शुजागंज बाजार की सड़क पर कुछ देर के लिए ओलों की सफेद चादर बिछ गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। ओलावृष्टि से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की आशंका है। साइकिल से घर लौट रही छात्रा पर गिरा सागवान का पेड़ महांवा ग्राम पंचायत में 17 वर्षीय माधवी तिवारी भी हादसे का शिकार हो गईं। वह कोदैला बालिका इंटर कॉलेज से छुट्टी के बाद साइकिल से घर लौट रही थीं। तभी सड़क किनारे लगा सागवान का पेड़ उनकी साइकिल पर गिर गया। गंभीर रूप से घायल माधवी को उनके पिता एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
हाईवे पर पेड़ गिरने से यातायात थमा आंधी के कारण बीकापुर क्षेत्र में कई जगह पेड़ सड़क पर गिर गए। इससे प्रयागराज हाईवे और बीकापुर-चरावा मार्ग पर यातायात बाधित रहा। बीकापुर सीएचसी के सामने जामुन का पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ लोगों को हल्की चोटें भी आईं। सूचना पर कोतवाली प्रभारी देवेंद्र पांडेय और नायब तहसीलदार रामखेलावन टीम के साथ पहुंचे। पेड़ हटवाकर यातायात बहाल कराया गया। धान-गन्ने की फसलें खेतों में बिछीं तूफान और बारिश से धान, गन्ना, केला और सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। तेज हवा के कारण कई खेतों में फसलें जमीन पर गिर गईं। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा देने की मांग की है। बिजली व्यवस्था चरमराई, प्रशासन ने शुरू कराया सर्वे तेज हवा में बिजली के खंभे गिरने से सोहावल समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई दुकानों के टीनशेड भी उड़ गए। तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला ने लेखपालों को गांवों में पहुंचकर नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। नायब तहसीलदार रामखेलावन ने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। शाम तक आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुककर बारिश होती रही। अचानक बदले मौसम से जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित रहा।
Source link