लूट के इरादे से परिवार पर हमला करने वाला गिरफ्तार:क्राइम ब्रांच ने 50 हजार के इनामी को पकड़ा, पांच पहले पकड़े जा चुके


लखनऊ के इंदिरानगर के तकरोही इलाके में घर में चोरी के प्रयास के दौरान परिवार के सदस्यों से मारपीट करने के मामले में क्राइम ब्रांच ने 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दरबारी उर्फ ननकुन्ना (51) सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के भयापुर मजरा भगौतीपुर का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक वह सीतापुर का हिस्ट्रीशीटर है और गैंग से भी जुड़ा रहा है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट-चोरी, एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट समेत 19 मुकदमे दर्ज हैं। 25 जुलाई को रहीमनगर निवासी दीपक गुप्ता ने इंदिरानगर थाने में सूचना दी थी कि दो अज्ञात लोग घर के पीछे की दीवार फांदकर चोरी का प्रयास कर रहे थे। परिवार ने विरोध किया तो आरोपियों ने घर में मौजूद दीपक की मां शांति देवी, पिता उमेश चंद्र गुप्ता और बहन सीमा के साथ मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मामले में पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। छह आरोपियों की सामने आई थी भूमिका घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। विवेचना में कुल छह आरोपियों की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उदयराज, विनोद वर्मा, फिरोज उर्फ बाबर उर्फ इम्तियाज उर्फ माथू और बिरजू उर्फ राजकुमार को 8 अगस्त को गिरफ्तार किया था। वहीं 25 हजार रुपए के इनामी सुरेश पासी उर्फ सुरेश रावत को 28 अगस्त को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। दो महीने से चल रही थी तलाश घटना के बाद दरबारी उर्फ ननकुन्ना लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। क्राइम ब्रांच की टीम उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी। इसी दौरान 4 अक्टूबर को टीम ने उसे जरहरा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया। एडीसीपी क्राइम किरण यादव ने बताया कि घटना में शामिल पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। फरार दरबारी उर्फ ननकुन्ना की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। 4 अक्टूबर को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। अपराधियों के खिलाफ क्राइम ब्रांच की लक्षित कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *