![]()
कानपुर के कल्याणपुर के इंदिरानगर के एक नर्सिंग होम में भर्ती गर्भवती महिला के परिजनों ने प्रसव के बाद नवजात को गायब करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि महिला ने देर शाम बच्चे को जन्म दिया, लेकिन इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने न तो उन्हें बच्चा दिखाया और न ही उसके संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी दी। मामले की जानकारी होने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ की। वहीं, नर्सिंग होम प्रबंधन ने परिजनों के आरोपों को गलत बताया है। उन्नाव के बांगरमऊ निवासी राजू कश्यप अपनी पत्नी सोनी के साथ इंदिरानगर में किराये के मकान में रहते हैं। शनिवार देर शाम सोनी के पेट में तेज दर्द होने पर परिजन उसे इंदिरानगर स्थित एक नर्सिंग होम लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने महिला को भर्ती कर उपचार शुरू किया। परिजनों के मुताबिक, कुछ देर बाद उन्हें बताया गया कि महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। इसके बाद परिवार के लोग बच्चे को देखने के लिए जानकारी लेते रहे, लेकिन आरोप है कि अस्पताल की ओर से उन्हें न तो बच्चा दिखाया गया और न ही स्पष्ट जानकारी दी गई। परिजनों ने अस्पताल में बच्चे के बारे में पूछताछ की तो मामला और संदिग्ध लगने पर उन्होंने आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि प्रसव के बाद बच्चे को उनसे छिपाया गया और बाद में उसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर इंदिरानगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल प्रबंधन से पूरे मामले की जानकारी ली। अस्पताल प्रबंधन ने बोला- मिसकैरेज हुआ, महिला की सुरक्षा के लिए किया गया अबॉर्शन अस्पताल प्रबंधन ने नवजात को गायब करने के आरोप से इनकार किया है। अस्पताल की ओर से पुलिस को बताया गया कि महिला का मिसकैरेज हुआ था। महिला की सुरक्षा को देखते हुए चिकित्सकीय प्रक्रिया के तहत अबॉर्शन किया गया था। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, इस संबंध में महिला के पति को जानकारी दी गई थी। इसके बाद अस्पताल की ओर से भ्रूण को नियमानुसार डिस्पोज कर दिया गया। कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में अस्पताल प्रबंधन की ओर से महिला के पति को मिसकैरेज होने और महिला की सुरक्षा के लिए अबॉर्शन किए जाने की जानकारी दिए जाने की बात सामने आई है। अस्पताल प्रबंधन ने इसके बाद भ्रूण को डिस्पोज कर दिया था। हालांकि, अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और साक्ष्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कानपुर में नर्सिंग होम पर बच्चा गायब करने का आरोप:परिजनों ने किया हंगामा, अस्पताल बोला- महिला का मिसकैरेज हुआ था