![]()
मेरठ में रविवार रात साइकिल का पाना मांगने को लेकर हुए विवाद के बाद एक युवक पर फायरिंग कर दी गई। हाशमी मस्जिद के पास हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आरोपी ने युवक पर दो राउंड गोली चलाई। युवक ने मौके से भागकर एक घर में घुसकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और सीसीटीवी फुटेज कंगाल रही है और आरोपी की तलाश कर रही है। घटना लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की है। सुबह पाना मांगने को लेकर हुआ था विवाद जानकारी के मुताबिक, चुंगी वाली गली निवासी अदनान पुत्र स्वर्गीय तैयब की रविवार सुबह साइकिल का बोल्ट ढीला हो गया था। अदनान ने गली में रहने वाले जैद पुत्र सब्बीर से बोल्ट टाइट करने के लिए पाना मांगा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। हालांकि सुबह हुए विवाद की पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई थी। रात में घर के बाहर से की फायरिंग आरोप है कि इसी विवाद की रंजिश में रविवार रात जैद ने हाशमी मस्जिद के पास अदनान पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही इलाके में दहशत फैल गई। अदनान ने वहां से भागकर एक घर में घुसकर अपनी जान बचाई। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। आसपास के लोग भी गोली चलने की आवाज सुनकर घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही लिसाड़ी गेट पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस बोली- मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि सुबह दोनों पक्षों में पाना मांगने को लेकर कहासुनी हुई थी। इस संबंध में पुलिस से कोई शिकायत नहीं की गई थी। इसी रंजिश के चलते एक पक्ष के युवक ने अपने घर के बाहर फायरिंग की है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
Source link