![]()
रामपुर में महिला की मौत के मामले में बुधवार को पुलिस ने कब्र खुलवाकर शव बाहर निकलवाया। जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी के निर्देश पर शाम करीब 4 बजे शव को कब्र से निकाला गया। इसके बाद करीब 6 बजे शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया। गुरुवार सुबह 10 बजे पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामला 7 सितंबर की पटवाई थाना क्षेत्र के गोसमपुर गांव की है। पति ने बताया- वॉशरूम जाते समय गिरने से लगी चोट थाना प्रभारी पवन शर्मा के अनुसार, नाजिया की मौत 7 सितंबर की सुबह करीब 4 बजे हुई थी। उसके सिर में चोट लगी थी। पति नासिर ने पुलिस और परिजनों को बताया था कि नाजिया सुबह वॉशरूम जाने के दौरान दीवार से टकराकर गिर गई थी। चोट लगने के बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने उस समय पति की बात पर विश्वास किया और नाजिया के शव को दफना दिया था। 10 दिन बाद मायके वालों ने जताई हत्या की आशंका पुलिस के मुताबिक, करीब 10 दिन बाद नाजिया के परिजनों ने उसकी मौत पर संदेह जताया। उनका आरोप है कि नाजिया की मौत हादसे में चोट लगने से नहीं हुई, बल्कि उसे मारा गया है। मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पटवाई थाने में प्रार्थना पत्र दिया। नाजिया के पिता ने दहेज में रुपए और अन्य सामान की मांग किए जाने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए जिलाधिकारी से शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराने की अनुमति ली। अनुमति मिलने के बाद बुधवार को पुलिस की मौजूदगी में कब्र खोली गई और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही नाजिया की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पोस्टमार्टम के दौरान आवश्यक नमूने भी सुरक्षित किए जाएंगे। रिपोर्ट में चोटों की स्थिति और मौत के कारण का पता चलने के बाद उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। छह साल पहले हुई थी शादी, चार बच्चे हैं थाना प्रभारी ने बताया कि नाजिया और नासिर की शादी करीब छह साल पहले हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले सभी तथ्यों और दोनों पक्षों के बयानों की पड़ताल की जाएगी। नाजिया के पति नासिर का कहना है कि वॉशरूम जाते समय दीवार से टकराकर चोट लगने के कारण उसकी मौत हुई थी। वहीं, मायके पक्ष ने इस दावे पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
Source link
10 दिन बाद कब्र से निकाला गया युवती का शव:रामपुर में मायके पक्ष ने जताई हत्या की आशंका, जांच जारी