![]()
बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों की प्रस्तावित हड़ताल को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। रविवार रात 9:30 बजे सभी ट्रेड यूनियनों और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) के प्रतिनिधियों की आपातकालीन ऑनलाइन बैठक हुई। बैठक में विभिन्न मांगों और आगे की रणनीति पर विस्तार से चर्चा के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया। यूनियनों की ओर से जारी सूचना के अनुसार, यूनियनों और IBA के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है। यह समिति बैंक कर्मचारियों की मांगों के समाधान के लिए संबंधित पक्षों से बातचीत करेगी और सहमति बनाने का प्रयास करेगी। इसके बाद जल्द ही सभी प्रतिनिधियों की प्रत्यक्ष बैठक भी आयोजित की जाएगी। हड़ताल स्थगित होने के बाद बैंक कर्मचारियों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपनी नियमित ड्यूटी पर लौटने की अपील की गई है। यूनियनों ने सदस्यों से कहा है कि वे आगे जारी होने वाले आधिकारिक निर्देशों और सर्कुलर पर नजर बनाए रखें। हड़ताल की पृष्ठभूमि, आगे की रणनीति और अन्य जरूरी निर्देशों को लेकर विस्तृत सर्कुलर जल्द जारी किया जाएगा। यूनियन नेता शिवम श्रीवास्तव ने बताया कि बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वित्त मंत्री और केंद्र सरकार के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की जाएगी। इसके बाद मांगों को लेकर आगे की रणनीति और आंदोलन की नई रूपरेखा तैयार की जाएगी। शिवम श्रीवास्तव ने कहा कि फाइव डे बैंकिंग, पीएलआई (परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव) और पुरानी पेंशन योजना की बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर यूनियन अपनी तैयारी जारी रखेगी। उन्होंने कहा कि हड़ताल स्थगित करने का निर्णय बातचीत और समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए लिया गया है। इस फैसले के बाद बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रहेगी। यूनियन नेताओं का कहना है कि सरकार और बैंक प्रबंधन के साथ होने वाली आगामी बातचीत के आधार पर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
Source link
बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल स्थगित:ड्यूटी पर लौटने के निर्देश; पांच दिवसीय बैंकिंग समेत मांगों पर सरकार से होगी बात