आगरा में टली बैंकों की तीन दिन की हड़ताल:IBA और UFBU की बैठक में बनी सहमति, सोमवार से सामान्य रहेंगी बैंकिंग सेवाएं,ग्राहकों और व्यापारियों को राहत


आगरा जिले में सोमवार से प्रस्तावित बैंकों की तीन दिन की हड़ताल टल गई है। रविवार देर रात इंडियन बैंक एसोसिएशन (आईबीए) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के बीच दिल्ली में हुई बैठक के बाद हड़ताल स्थगित करने का फैसला लिया गया। इससे ग्राहकों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। दरअसल, पांच दिवसीय बैंकिंग की मांग को लेकर बैंक अधिकारी और कर्मचारी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। इसके तहत आगरा में सोमवार से 450 से अधिक सरकारी बैंक शाखाओं में तीन दिन की हड़ताल प्रस्तावित थी। कर्मचारी सूरसदन पर प्रदर्शन करने वाले थे। रविवार को छुट्टी के दिन भी बैंक खुले और कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे, लेकिन शाखाओं में इक्का-दुक्का ग्राहक ही आए। यूएफबीयू के संयोजक गजेंद्र सिंह ने बताया कि रात 9:30 बजे आईबीए के साथ बैठक हुई, जिसमें कई अहम मुद्दों पर सहमति बनी। इसके बाद हड़ताल स्थगित कर दी गई। बैठक में चार बड़े फैसले लिए गए। पहला, शेष शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर विचार के लिए आईबीए और यूएफबीयू की उच्चस्तरीय समिति का तत्काल गठन किया जाएगा। यह समिति सभी हितधारकों से चर्चा कर ग्राहकों को भी स्वीकार्य समाधान निकालेगी। दूसरा, स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए पीएलआई योजना पर यूनियनों की आपत्तियों को दूर करने के लिए आईबीए सरकार को संशोधन का प्रस्ताव भेजेगा। तीसरा, 8 मार्च 2024 के समझौते में सूचीबद्ध अन्य मांगों पर भी जल्द चर्चा कर समाधान निकाला जाएगा। इन आश्वासनों के बाद यूएफबीयू ने आंदोलन और हड़ताल को स्थगित करने पर सहमति जता दी। गौरतलब है कि अगर हड़ताल होती तो जिले में सरकारी बैंकों का कामकाज पूरी तरह ठप हो जाता और व्यापारिक गतिविधियों पर सीधा असर पड़ता। हड़ताल टलने से सबसे ज्यादा राहत व्यापारी वर्ग को मिली है। सोमवार से सभी बैंक शाखाएं सामान्य दिनों की तरह खुलेंगी और लेन-देन होगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *