![]()
आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत सियार गांव के पास आंधी और बारिश से एक साल पीपल का पेड़ क्रेटा कार पर गिर गया। इस हादसे में कार पर सवार तीन लोग बुरी तरह से फंस गए। कार में बैठे लोगों का शोर सुनकर आसपास के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे। किसी तरह से तीनों लोगों को सकुशल बाहर निकाला गया। कार में चालक वाहिद खान पुत्र मोहम्मद अजमल, उनकी माता रुखसाना बानो तथा करीब 10 वर्षीय बच्चा जोहैर खान, निवासी जयराजपुर थाना बिलरियागंज, सवार थे। तीनों लोग बच्चे के ऑपरेशन के लिए जयराजपुर से आजमगढ़ स्थित डॉ. अब्दुल्ला के यहां जा रहे थे। पेड़ गिरने के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे तीनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर बिलरियागंज थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
विशाल पेड़ सड़क पर गिरने से आजमगढ़-बिलरियागंज मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जिले में गिरे 2 दर्जन से अधिक पेड़ आजमगढ़ में शनिवार को सुबह से ही 39 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण जिले के अलग-अलग स्थान पर दो दर्जन से अधिक पेड़ गिर गए। पेड़ गिर जाने से कई इलाकों में यातायात भी प्रभावित होने लगा और कई जगह पर घरों पर भी पेड़ गिर गए। हालांकि अभी तक किसी तरह की जन हानि की कोई सूचना नहीं है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से इन गिरे पेड़ों को हटाने में लगा हुआ है। जिले के अतरौलिया, मोहम्मदपुर, निजामाबाद, फूलपुर, पवई, सरायमीर, जहानागंज, ठेकमा, बरदह, मार्टिनगंज, मुबारकपुर के साथ ही आजमगढ़ बलिया राजमार्ग पर भी कई जगह पर पेड़ गिर गए हैं जिसके कारण यातायात भी प्रभावित हो रहा है। जिले में जिस तरह से तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है। ऐसे में मिट्टी नम हो गई है। यही कारण है कि तेज हवाओं के चलने से लगातार पेड़ गिर रहे हैं। लगातार गिर रहा है तापमान
जिले मे जिस तरह से बारिश हो रही है। ऐसे में जिले का तापमान लगातार गिर रहा है। शुक्रवार शाम से ही हल्की बारिश होती रही जो पूरी रात चलती रही। भारी बारिश को देखते हुए कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों को शनिवार को जिला प्रशासन ने बंद करवा दिया है। इसके साथ ही सभी आम नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। शनिवार को जिले का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है।
Source link
आजमगढ़ में क्रेटा कार पर गिरा पेड़:बच्चे का ऑपरेशन कराने जाते समय हुआ हादसा, तेज हवाओं से गिरे दो दर्जन से अधिक पेड़