बच्चों के विवाद में युवक के सीने पर तमंचा ताना:फायर करने पर हाथ में धंसे 40 से ज्यादा छर्रे, आरोपी फरार


कानपुर के थाना चकेरी के कांशीराम फेस-1 में बच्चों के विवाद ने शुक्रवार देर रात खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि पड़ोसी ने घात लगाकर युवक पर तमंचा तानते हुए फायर झोंक दिया। युवक ने ऐन वक्त पर असलहे पर हाथ मारकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन फायरिंग में उसके हाथ में 40 से अधिक छर्रे धंस गए। वारदात के बाद आरोपी घर में ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। घायल ने शनिवार दोपहर दो बजे घटना की जानकारी दी। सनिगवां कांशीराम फेस-1 निवासी मोहम्मद जमील (40) मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी साहिबा और नौ वर्षीय बेटा है। जमील ने बताया कि, शुक्रवार रात पड़ोसी मुन्ना उनके बच्चों को गालियां दे रहा था। बेटे ने इसकी शिकायत की तो वह विरोध करने पहुंच गए। इसको लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद जमील गुटखा लेने दुकान गए थे। लौटकर घर की सीढ़ियां चढ़ रहे थे, तभी पहले से घात लगाए मुन्ना ने पन्नी में छिपा असलहा निकाल लिया। आरोप है कि उसने तमंचा जमील की छाती पर सटाकर गाली देते हुए फायर कर दिया। अचानक फायरिंग होते ही जमील ने असलहे पर हाथ मार दिया। गोली का रुख बदलने से उनके हाथ में 40 से अधिक छर्रे जा धंसे। घटना के बाद आरोपी घर में ताला लगाकर फरार हो गया। जमील का आरोप है कि आरोपी कई दिनों से उनके बेटे को परेशान कर रहा था और विरोध करने के कारण ही उसने वारदात को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया। इस दौरान घायल ने आरोप लगाया कि एक पुलिसकर्मी ने उसके हाथ में लगे छर्रों को कांटा बताने का दवाब बनाया था। थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *