बारिश से जर्जर कच्चा मकान ढहा:मलबे में दबकर बुजुर्ग की मौत, दो दिन से हो रही लगातार बारिश


बांदा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच शुक्रवार देर रात डेढ़ बजे जर्जर कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय मकान के अंदर सो रहे 70 वर्षीय चुन्नी वर्मा मलबे में दब गए। परिजनों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। पपरेंदा गांव निवासी चुन्नी वर्मा पुत्र स्वर्गीय सुखारी वर्मा शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। परिजनों के अनुसार, पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण मकान की हालत काफी कमजोर हो गई थी। देर रात अचानक मकान भरभराकर गिर गया और चुन्नी वर्मा उसके मलबे में दब गए। मकान गिरने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाना शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद वृद्ध को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। हादसे की जानकारी के बाद गांव में भी शोक का माहौल हो गया। मृतक के बेटे ने बताया कि चुन्नी वर्मा मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी की पहले ही मौत हो चुकी है। परिवार में छह बेटे हैं, जो गांव में रहकर मजदूरी करते हैं। मृतक के नाम करीब एक बीघा जमीन बताई गई है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। वृद्ध की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, घटना के संबंध में अभी तक थाने में कोई तहरीर नहीं दी गई है

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *