![]()
सहारनपुर के थाना नागल क्षेत्र के गांव नगली मेहनाज में जल निकासी को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। हाईकोर्ट के आदेश पर खेत में जा रहे पानी को बंद करने गई राजस्व टीम व पुलिस के साथ बस्ती के लोगों की कहासुनी हो गई। लेखपाल ने खुद को शौचालय में बंद कर अपनी जान बचानी पड़ी। हंगामा बढ़ता देख पुलिस को लौटना पड़ा। लेखपाल ने थाना नागल में कई लोगों के खिलाफ तहरीर दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। पढ़िए…पूरा मामला गांव की एक बस्ती का पानी लंबे समय से किसान मोहित के खेत में जा रहा था, जिससे उसकी फसल खराब हो रही थी। किसान ने कई बार प्रशासन से शिकायत की, लेकिन समाधान न मिलने पर उसने उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट के आदेश के बाद बुधवार को राजस्व विभाग की टीम पुलिस के साथ गांव पहुंची और पानी की निकासी बंद कराने का प्रयास किया। जैसे ही टीम ने पानी की निकासी रोकने की कार्रवाई शुरू की, बस्ती की महिलाएं मौके पर इकट्ठा हो गईं और विरोध करने लगीं। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। बताया जा रहा है कि महिलाओं के उग्र विरोध के बीच लेखपाल को अपनी जान बचाने के लिए पास के सामुदायिक शौचालय में छिपना पड़ा। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद हालात और बिगड़ गए और ग्रामीणों ने पुलिस व राजस्व टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि वीडियो बना रहे एक अन्य पुलिसकर्मी का मोबाइल भी टूट गया। ग्रामीणों ने टीम को दौड़ाकर गांव से बाहर तक खदेड़ दिया। मौके पर मौजूद तहसील स्तर के अधिकारी और पुलिसकर्मी भी खुद को बचाने के लिए पीछे हटने पर मजबूर हो गए। एसपी देहात सागर जैन का कहना है कि पानी निकासी को लेकर गांव के दो पक्षों में विवाद है। पुलिस राजस्व टीम की सूचना पर गई थी। झड़प जैसा कुछ नहीं हुआ है। दोनों पक्षों को बैठाकर बात की जाएगी। जल्द ही समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
Source link
हाईकोर्ट के आदेश पर पहुंची टीम को गांव से खदेड़ा:सहारनपुर में लेखपाल ने शौचालय में घुसकर बचाई जान, पानी निकासी को लेकर हंगामा