झांसी में 7 महीने की गर्भवती महिला की मौत:दो साल पहले शादी हुई थी, पिता बोले- बेटी तड़पती रही, पति देखने तक नहीं आया


झांसी में बुधवार को 7 महीने की गर्भवती महिला की मौत हो गई। उसकी शादी लगभग दो साल पहले हुई थी। ससुराल में तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। हालत नाजुक होने पर ग्वालियर ले गए। जहां इलाज के दौरान आज मुस्कान (22) ने दम तोड़ दिया। पिता बेटी मुस्कान का शव लेकर मायके पहुंचे। यहां ससुराल वालों पर कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को बुला लिया। पिता का आरोप है- बीमार बेटी मुस्कान का ससुराल वालों ने इलाज नहीं कराया। मैं 19 दिन से इलाज करा रहा था। बेटी अपने 1 साल के बेटे के लिए तड़पती रही, लेकिन ससुराल वाले बेटे को लेकर नहीं आए। पिता ने बेटी को टॉर्चर करने का भी आरोप लगाया। मजिस्ट्रेट ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आगे की जांच कर रही है। पूरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। 2 तस्वीर… महिला का एक साल का एक बेटा है कोतवाली के अलीगोल खिड़की स्थित एवन कॉलोनी निवासी ख्वाजा बक्श ने बताया- मैं लाइट का काम करता हूं। मुस्कान मेरी इकलौती बेटी थी, जबकि 3 बेटे हैं। मैंने मुस्कान की शादी लगभग दो साल पहले खुशीपुरा निवासी फरियाद से की थी। फरियाद प्राइवेट काम करता है। मुस्कान का एक साल का एक बेटा अली है, जबकि मुस्कान अभी 7 महीने की गर्भवती थी। आरोप है कि शादी के बाद ससुराल वाले परेशान करते थे। जब बेटी को लेने जाते थे तो भेजते नहीं थे। आरोप है कि पिछले कुछ समय से बेटी बीमार चल रही थी। लेकिन ससुराल वालों ने इलाज नहीं कराया। 4 सितंबर को तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर हम लोग उसे सिविल अस्पताल ले गए थे। 19 दिन तक चला इलाज पिता ने आगे बताया- सिविल अस्पताल से बेटी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां से प्राइवेट अस्पताल में ले गए। 6 दिन पहले ग्वालियर लेकर गए। जहां इलाज के दौरान आज बेटी ने दम तोड़ दिया। आरोप है कि बेटी 19 दिन अस्पतालों में भर्ती रही, लेकिन ससुराल से कोई देखने नहीं आया। हम लोगों ने उनको बुलाया भी था, फिर भी वे नहीं आए। बेटी भी आखरी तक कहती रही कि उसे अपने बेटे से मिलना है। फिर भी बेटे को लेकर नहीं आए। पिता ने आगे कहा- शव को लेकर आज हम घर पहुंचे तो पुलिस को बुला लिया। हम लोग ससुराल वालों पर कार्रवाई चाहते हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *