हैदराबाद3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के सरकारी राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में आग लगने से 2 नवजातों की मौत हो गई। 2 अन्य बच्चों की हालत गंभीर है।
आग सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात RIMS की स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में लगी। अधिकारियों के मुताबिक, AC यूनिट फटने के बाद आग लगी।
यूनिट में 27 नवजातों का इलाज चल रहा था। इनमें से एक प्री-टर्म बच्चे की मौके पर मौत हो गई। दूसरे बच्चे की मंगलवार तड़के एक निजी अस्पताल में मौत हुई।
बाकी 25 बच्चों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। 2 बच्चों की हालत गंभीर है और सभी बच्चों की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
आग लगने की वजह की जांच
अधिकारियों ने कहा कि घटना की सही जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। इसमें आग लगने की वजह भी शामिल है।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुरुआती जांच के आधार पर बताया कि खराबी के कारण AC में विस्फोट होने की आशंका है।
मुख्यमंत्री ने दिए निर्देश
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने राजीव गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (RIMS) में हुई घटना पर दुख जताया।
उन्होंने इलाज करा रहे बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने घटना की जांच कर रिपोर्ट सौंपने को भी कहा।
उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।
