अमेरिका ने सभी ईरानी एयरलाइंस बंद कराने की धमकी दी:कहा- जो कंपनियां इनकी मदद करेंगी, उन्हें डॉलर सिस्टम से बाहर करेंगे


अमेरिका ने ईरान की सभी एयरलाइंस को बंद कराने की धमकी दी है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि 23 सितंबर से ईरानी विमानों को ईंधन, लैंडिंग की सुविधा या टिकट देने वाली विदेशी कंपनियों पर भी कार्रवाई की जाएगी। ऐसी कंपनियों को अमेरिकी डॉलर सिस्टम से बाहर किया जा सकता है। यानी अमेरिका सिर्फ ईरानी एयरलाइंस पर दबाव नहीं डाल रहा, बल्कि उन विदेशी कंपनियों को भी निशाना बना रहा है जो इन एयरलाइंस को चलाने में मदद करती हैं। डॉलर सिस्टम से बाहर करने का क्या मतलब? अमेरिका जिस डॉलर सिस्टम की बात कर रहा है, उसका मतलब अमेरिकी बैंकिंग व्यवस्था से है। किसी कंपनी पर अमेरिकी प्रतिबंध लगने के बाद उसके लिए अमेरिकी बैंकों के जरिए डॉलर में लेन-देन करना मुश्किल हो सकता है। यानी अगर कोई विदेशी कंपनी ईरानी एयरलाइन को ईंधन या दूसरी सुविधाएं देती है, तो उसे अमेरिकी वित्तीय व्यवस्था तक अपनी पहुंच खोने का खतरा रहेगा। विदेश जाने वाली उड़ानों पर पड़ सकता है असर अमेरिकी कार्रवाई का असर ईरान की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ सकता है। एविएशन डेटा कंपनी सिरियम के मुताबिक, सितंबर में ईरान से हर हफ्ते करीब 70 हजार इंटरनेशनल सीटें उपलब्ध हैं। अगस्त में यह संख्या करीब 55,700 सीटें प्रति हफ्ते थी। अगस्त में महान एयर और सेफेहरान एयरलाइंस ईरान से इंटरनेशनल सीटों की क्षमता के मामले में सबसे बड़े स्थानीय ऑपरेटरों में थीं। महान एयर के पास हर हफ्ते करीब 15,600 और सेफेहरान एयरलाइंस के पास करीब 10,500 सीटें थीं। 8 सितंबर को 27 ईरानी एयरलाइंस पर प्रतिबंध लगाया था अमेरिका पहले भी ईरान की एयरलाइंस के खिलाफ कार्रवाई कर चुका है। अमेरिकी ट्रेजरी ने 8 सितंबर को 27 ईरानी एयरलाइंस समेत कुल 36 कंपनियों और संस्थाओं पर प्रतिबंध लगाया था। अमेरिका का आरोप है कि ईरान अपनी एयरलाइंस और उनसे जुड़े नेटवर्क का इस्तेमाल हथियार, लोगों और दूसरे प्रतिबंधित सामान को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने के लिए करता है। UN महासभा में पहुंचे ईरान के विदेश मंत्री अमेरिका की यह नई चेतावनी ऐसे समय आई है, जब ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक में हिस्सा लेने न्यूयॉर्क पहुंचे हैं। ईरानी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, अराघची UN की बैठकों में ईरान का पक्ष रखेंगे और दूसरे देशों के अधिकारियों व विदेश मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने UN महासचिव एंतोनियो गुटेरेस से भी बात की है। ईरान ने भी चेतावनी दी अमेरिकी दबाव के बीच ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड के प्रवक्ता होसैन मोहेब्बी ने कहा है कि अगर संघर्ष और बढ़ा तो ईरान अपने कदम और आगे बढ़ा सकता है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर ईरान ऐसे हथियार भी इस्तेमाल कर सकता है, जिन्हें अब तक इस युद्ध में नहीं आजमाया गया है। —————- ये खबर भी पढ़ें… ईरान के आसमान में फिर UFO दिखने का दावा:1976 में भी दिखा था; पीछा करने वाले फाइटर जेट के सिस्टम फेल हो गए थे ईरान की राजधानी तेहरान के आसमान में चमकती अलग-अलग रंगों की लाइट वाला एक ऑब्जेक्ट दिखाई देने का दावा किया गया है। सोशल मीडिया पर इसके कई वीडियो सामने आए हैं। लोग दावा कर रहे हैं की यह UFO हो सकता है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *