फतेहपुर के असोथर में बंद मकान से लाखों की चोरी:अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ किया, पुलिस जांच में जुटी


फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। असोथर नगर पंचायत के वार्ड नंबर बौडर में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह परिवार को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के मुताबिक, असोथर नगर पंचायत के वार्ड नंबर बौडर निवासी मतई रैदास के घर में चोरी हुई। पीड़ित परिवार के सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर में घुसकर अलमारी और बक्सों के ताले तोड़ दिए। चोरों ने उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण, नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह जब परिजन घर लौटे, तो उन्होंने देखा कि घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखी नकदी और जेवरात गायब थे। पीड़ित मतई रैदास ने बताया कि चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये है। उन्होंने तुरंत असोथर थाना पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी। सूचना मिलते ही असोथर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर सबूत जुटाए। स्थानीय निवासियों में इस घटना को लेकर चिंता है। उनका कहना है कि इलाके में पुलिस गश्त कम होने के कारण चोर ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *