![]()
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की अजनारा होम सोसाइटी में शुक्रवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। सोसाइटी के एक टावर की ऊपरी मंजिल से प्लास्टर का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे खड़ी एक गाड़ी पर गिर गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे कुछ लोग बाल-बाल बच गए। सोसाइटी निवासी दिनकर पांडे ने बताया कि यह घटना शुक्रवार रात करीब 9:50 बजे हुई। टावर ए के पास से कुछ महिलाएं और बच्चे गुजर रहे थे। तभी अचानक टावर के ऊपर से प्लास्टर का हिस्सा नीचे गिरा और ओपन पार्किंग में खड़ी एक गाड़ी पर जा लगा। इससे तेज आवाज हुई और आसपास के लोग डर गए। गनीमत रही कि जिस समय प्लास्टर गिरा, उस समय ठीक नीचे कोई मौजूद नहीं था। महिलाएं और बच्चे थोड़ी दूरी पर थे, जिससे वे सुरक्षित बच गए। अगर वे ठीक नीचे होते तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। सोसाइटी के लोगों का कहना है कि बिल्डिंग से प्लास्टर गिरना अब आम बात हो गई है। उनकी शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होती है। निवासियों ने कई बार स्ट्रक्चर ऑडिट की मांग की है, लेकिन उस पर कोई सुनवाई नहीं हुई है। निवासियों ने बताया कि उन्होंने करोड़ों रुपये खर्च कर यहां फ्लैट लिए हैं और भारी मेंटेनेंस चार्ज भी दे रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें घर से बाहर निकलने में डर लगता है। उन्हें नहीं पता होता कि कब ऊपर से प्लास्टर गिर जाए।
Source link
ग्रेटर नोएडा में टावर से गिरा प्लास्टर:गाड़ी टूटी, पास से गुजर रहे लोग बाल-बाल बचे