![]()
सहारनपुर में देहरादून चौक स्थित संघ भवन में इंजीनियर दिवस के अवसर पर आयोजित रक्तदान शिविर के दौरान लोक निर्माण विभाग की महिला अवर अभियंता (जेई) से छेड़छाड़ और जबरन शराब पिलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। महिला जेई ने लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड सहारनपुर में तैनात अवर अभियंता अनुज भारद्वाज पर नशे की हालत में बदसलूकी, जबरन शराब पिलाने का प्रयास, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। महिला की तहरीर पर जनकपुरी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला जेई तनु राजपूत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 सितंबर को इंजीनियर दिवस के अवसर पर देहरादून चौक स्थित संघ भवन में लोक निर्माण विभाग के डिप्लोमा इंजीनियर संघ की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। वह भी कार्यक्रम में मौजूद थीं। आरोप है कि इसी दौरान लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड सहारनपुर में तैनात अवर अभियंता अनुज भारद्वाज ने उनके साथ छेड़छाड़ की और जबरन शराब पिलाने का प्रयास किया। तहरीर के अनुसार, अनुज भारद्वाज नशे की हालत में थे। उनके हाथ में करीब 200 ग्राम की पानी की बोतल थी, जिसमें शराब भरी हुई थी। आरोप है कि उन्होंने अचानक महिला जेई की गर्दन पकड़ ली और बोतल जबरन उनके मुंह पर लगा दी। इसके बाद उन्हें जबरदस्ती शराब पिलाने का प्रयास किया गया। महिला जेई ने इसे अचानक हुआ आपराधिक हमला और शारीरिक बल प्रयोग बताते हुए कहा कि इस घटना से वह स्तब्ध और गहरे सदमे में हैं। रक्तदान करने का भी तहरीर में जिक्र महिला जेई के अनुसार, इस घटना के तुरंत बाद आरोपी ने नशे की हालत में रक्तदान भी किया। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान महिला अवर अभियंता गरिमा गुप्ता और सचिन पंवार समेत अन्य लोग मौके पर मौजूद थे, जिन्हें उन्होंने घटना का प्रत्यक्षदर्शी बताया है। पहले भी इसी तरह के व्यवहार का आरोप तहरीर में महिला जेई ने आरोप लगाया कि अनुज भारद्वाज का इससे पहले भी उनके साथ इसी तरह का व्यवहार रहा है। इस वजह से वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। आरोप है कि घटना के बाद उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं। महिला ने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करने और निष्पक्ष जांच की मांग की। 18 सितंबर को दी तहरीर, मुकदमा दर्ज महिला जेई तनु राजपूत की ओर से 18 सितंबर 2026 को जनकपुरी थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज करने के साथ ही लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। घटना से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सहारनपुर में महिला JE को जबरन शराब पिलाने की कोशिश:बोली–PWD के इंजीनियर ने गर्दन पकड़कर बोतल मुंह से लगाई, FIR हुई दर्ज