![]()
शहर के स्ट्रीट वेंडिंग जोन अब अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाए जाएंगे। नगर आयुक्त अजय जैन ने शुक्रवार को शहर के अलग-अलग स्ट्रीट वेंडिंग जोन का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को वेंडर्स के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही इन स्थानों को मॉडल वेंडिंग जोन के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि पटरी व्यवसायियों को व्यवस्थित और सम्मानजनक तरीके से कारोबार करने के लिए बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराया जाना जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए सभी वेंडिंग जोन में मूलभूत सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा।
जजेज कम्पाउंड में बनेगा शेड, लगाए जाएंगे तीन गेट
अम्बेडकर चौराहा स्थित जजेज कम्पाउंड स्ट्रीट वेंडिंग जोन के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने वेंडर्स की सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया। उन्होंने मौसम से बचाव के लिए यहां शेड निर्माण कराने के निर्देश दिए। साथ ही वेंडिंग जोन में लोगों के आने-जाने को व्यवस्थित करने के लिए तीन गेट लगाने को कहा।
वेंडिंग जोन को एकरूप और आकर्षक बनाने के लिए स्ट्रीट वेंडर्स को आधुनिक मॉडल कार्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। इससे एक तरफ दुकानों का स्वरूप व्यवस्थित होगा, वहीं दूसरी तरफ सड़क और आसपास का क्षेत्र भी बेहतर दिखाई देगा।
शास्त्री चौक वेंडिंग जोन में इंटरलॉकिंग और हाईमास्ट लाइट
इसके बाद नगर आयुक्त ने शास्त्री चौक स्थित चकबंदी कार्यालय के बगल में बने स्ट्रीट वेंडिंग जोन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने इंटरलॉकिंग का काम कराने के निर्देश दिए। रात के समय वेंडर्स और ग्राहकों की सुविधा के लिए पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया।
इसके लिए वेंडिंग जोन में हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को सुरक्षा और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया, ताकि रात में भी वेंडिंग जोन में आने वाले लोगों को परेशानी न हो।
ट्रांसपोर्ट नगर और रुस्तमपुर का भी निरीक्षण
नगर आयुक्त ने ट्रांसपोर्ट नगर और रुस्तमपुर स्थित स्ट्रीट वेंडिंग जोन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों स्थानों पर वेंडर्स के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों से कहा गया कि सुविधाओं को जल्द उपलब्ध कराया जाए, जिससे इन स्थानों पर कारोबार करने वाले पटरी व्यवसायियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
सभी वेंडिंग जोन में लगेंगे डिस्प्ले बोर्ड
नगर निगम की ओर से सभी स्ट्रीट वेंडिंग जोन में आकर्षक और एक जैसे डिस्प्ले बोर्ड लगाने की भी व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य वेंडिंग जोन की पहचान को बेहतर करना और पूरे क्षेत्र को व्यवस्थित स्वरूप देना है।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन, परियोजना अधिकारी सुदीप कुमार, मुख्य अभियंता अमित कुमार, एक्सईएन अशोक कुमार भाटी, आर्यन मिश्रा समेत नगर निगम के अन्य अधिकारी और तकनीकी टीम मौजूद रही।
Source link
मार्डन होंगे शहर के स्ट्रीट वेंडिंग जोन:जजेज कम्पाउंड में शेड और 3 गेट लगेगा, शास्त्री चौक में हाईमास्ट लाइट