![]()
मुजफ्फरनगर के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे नंगला गंगनहर पुल पर उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक और युवती को संदिग्ध हालत में देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों पुल की मुंडेर पर खड़े थे और नहर में कूदने की कोशिश कर रहे थे। मौके पर मौजूद लोग उन्हें लगातार समझाने का प्रयास कर रहे थे। इस घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में युवती स्कूल ड्रेस में, जबकि युवक टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने दिखाई दे रहा है। दोनों एक-दूसरे का हाथ थामकर पुल की मुंडेर पर खड़े हैं। आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं और उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन दोनों तत्काल वहां से हटने को तैयार नहीं दिखते। महिला ने दोनों को खींचकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया
इसी दौरान भीड़ में से एक महिला अचानक आगे बढ़ती है। वह दोनों का हाथ पकड़कर पूरी ताकत से उन्हें अपनी ओर खींच लेती है। महिला कुछ ही सेकंड में युवक-युवती को पुल की जोखिम वाली जगह से हटाकर सुरक्षित स्थान पर ले आती है। इसके बाद आसपास मौजूद लोग भी दोनों को पकड़ लेते हैं। बचने के बाद युवक से मारपीट
दोनों के सुरक्षित होने के बाद भीड़ का माहौल बदल गया। लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि युवक को समझाने के बावजूद उसके नहीं मानने पर लोगों में नाराजगी बढ़ गई थी। बाद में लोगों ने युवक और युवती को सिखेड़ा पुलिस के हवाले कर दिया। प्रेम संबंध की बात सामने आई, कारण स्पष्ट नहीं
बताया जा रहा है कि युवती इलाके के भंडूर गांव की रहने वाली है, जबकि युवक ककरौली क्षेत्र का निवासी है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात कही जा रही है। हालांकि, दोनों नहर में कूदने जैसा कदम क्यों उठाना चाहते थे, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
सुसाइड के लिए नहर पुल पर खड़े प्रेमी युगल वायरल:महिला की कोशिश से बच दोनों, भीड़ ने प्रेमी को धुना, बाद में दोनों को किया पुलिस के हवाले