![]()
बिजनौर में नजीबाबाद क्षेत्र के एक गांव की महिला ने मोहल्ला आदर्शनगर निवासी रवि शर्मा के खिलाफ सूदखोरी, धमकी और जबरन चेक लेने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला का आरोप है कि रवि शर्मा 20 से 30 प्रतिशत ब्याज पर लोगों को रुपये देता है और बाद में ब्याज के नाम पर बड़ी रकम वसूलता है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब डेढ़ साल पहले उसने रवि शर्मा से 1 लाख 80 हजार रुपये उधार लिए थे। महिला के मुताबिक, कर्ज लेने के बाद वह अलग-अलग माध्यमों से आरोपी को करीब 4 लाख 90 हजार रुपये दे चुकी है। इसके बावजूद रवि शर्मा ब्याज समेत करीब 10 लाख रुपये बकाया बता रहा है और लगातार रकम की मांग कर रहा है। सीओ से शिकायत की तो घर पहुंचा आरोपी महिला का आरोप है कि उसने हाल ही में पूरे मामले की शिकायत सीओ नजीबाबाद से की थी। इसकी जानकारी जब रवि शर्मा को हुई तो वह 26 जुलाई की रात करीब साढ़े नौ बजे महिला के घर पहुंच गया। महिला के मुताबिक, उस समय उसका पति घर पर नहीं था। आरोप है कि रवि शर्मा ने घर पहुंचते ही महिला के साथ गाली-गलौज की। इसके बाद उसने रिवॉल्वर निकालकर महिला की कनपटी पर लगा दी। महिला का कहना है कि आरोपी ने गन पॉइंट पर रखते हुए तत्काल रुपये देने या चेकबुक लाने के लिए धमकाया। जबरन तीन चेक ले गया महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने धमकाकर उसके तीन चेक जबरन अपने कब्जे में ले लिए और वहां से चला गया। बाद में आरोपी ने इन चेकों में कुल 9 लाख रुपये की रकम भरकर बैंक से भुगतान कराने की कोशिश की। महिला के मुताबिक, उसने 27 जुलाई को ही बैंक को पूरे मामले की जानकारी दे दी थी और अपना खाता बंद करा दिया था। इसके चलते 9 लाख रुपये के चेक का भुगतान नहीं हो सका और चेक बाउंस हो गए। बेटी को बदनाम करने की धमकी का आरोप महिला ने आरोपी पर अन्य गरीब महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। साथ ही आरोप लगाया कि रवि शर्मा ने उसकी नाबालिग बेटी को समाज में बदनाम करने की धमकी भी दी। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
बिजनौर में सूदखोर पर महिला ने दर्ज कराया केस:महिला बोली- घर पहुंचकर कनपटी पर रिवॉल्वर लगाई, तीन चेक जबरन छीने