![]()
मेरठ में सुबह हुई तेज बारिश ने सूरजकुंड पार्क में प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर होने वाले दीपोत्सव कार्यक्रम की तैयारियों के बीच मुश्किल बढ़ा दी। बारिश के कारण पार्क में जगह-जगह पानी भर गया। शाम को यहां ‘आशीर्वाद का दिया दीपोत्सव’ का आयोजन होना है। ऐसे में नगर निगम ने पानी निकालने के लिए पंपसेट लगाए हैं। पंपसेट के जरिए पार्क से पानी निकालने का काम किया जा रहा है, ताकि शाम तक आयोजन स्थल को तैयार किया जा सके। पानी निकालने के साथ पार्क में दीपोत्सव की तैयारियां भी जारी हैं। पूरे परिसर को भारत के रंगों में सजाया जा रहा है। रंगोली बनाई जा रही है और दीयों को सजाया जा रहा है। GIC इंटर कॉलेज के बच्चे और NCC कैडेट्स भी तैयारियों में जुटे हैं। बच्चे दीये सजाने के साथ उनमें तिल का तेल भरकर उन्हें शाम के दीप प्रज्ज्वलन के लिए तैयार कर रहे हैं। शाम को पार्क में बड़ी संख्या में दीये जलाए जाएंगे। इस दौरान दीप प्रज्ज्वलन के साथ सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शहर में बूथ से लेकर घरों तक दीप जलाने का कार्यक्रम भी रखा गया है। नगर आयुक्त ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत आज से हो रही है। इसी क्रम में शहर में जगह-जगह रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। नगर आयुक्त के अनुसार, कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों को स्वच्छता के प्रति संवेदनशील और जागरूक करना है। साथ ही नगर निगम की विभिन्न योजनाओं और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। आयोजन के जरिए लोगों को जागरूक करने के साथ मिल-मिलाप का माहौल भी बनाया जाएगा।
Source link
सुबह तेज बारिश से सूरजकुंड पार्क में भरा पानी:शाम को यहीं होगा आशीर्वाद दीपोत्सव कार्यक्रम, नगर निगम ने लगाए पंपसेट