![]()
मेरठ में बैजल भवन चौराहे पर लगातार लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। कुटिया चौराहे से बैजल भवन चौराहे तक वन-वे व्यवस्था अब स्थायी रूप से लागू कर दी गई है। बैजल भवन की ओर से कुटिया चौराहे की तरफ आने वाले वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। नई व्यवस्था अगले आदेश तक लागू रहेगी। इसके तहत जाफर वाला बाग, बेगमपुल और माल रोड की तरफ से आने वाले वाहनों के रूट में भी बदलाव किया गया है। जाफर वाला बाग से सीधे नहीं जा सकेंगे जाफर वाला बाग की तरफ से आने वाले वाहन अब बैजल भवन की ओर सीधे नहीं जा सकेंगे। एसएसपी आवास या कमिश्नरी की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को बायीं ओर मुड़कर साईं मंदिर वाली रोड से जाना होगा। वहीं, बेगमपुल की तरफ से आने वाले वाहन यू-टर्न लेकर बैजल भवन रोड पर नहीं पहुंच सकेंगे। माल रोड का ट्रैफिक भी बदलेगा रास्ता माल रोड की तरफ से आने वाला वह ट्रैफिक, जो पहले बैजल भवन के सामने से कमिश्नरी की तरफ जाता था, अब इस रास्ते का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा। ऐसे वाहन हजारी का प्याऊ (मंदिर रोड) अथवा कमिश्नरी आवास चौराहा होकर अपने गंतव्य की ओर जाएंगे। चौधरी चरण सिंह पार्क से कुटिया चौराहे होते हुए यातायात का संचालन पहले की तरह जारी रहेगा। जाम रोकने के लिए किया गया डायवर्जन प्रभारी ट्रैफिक लालसा पांडेय ने बताया कि बैजल भवन चौराहे पर लगातार जाम की स्थिति को देखते हुए यह बदलाव किया गया है। कुटिया चौराहे से बैजल भवन चौराहे तक वन-वे व्यवस्था लागू की गई है। इससे अनावश्यक क्रॉसिंग और यू-टर्न से बनने वाले यातायात दबाव को कम करने का प्रयास किया गया है। इस तरह समझें नई व्यवस्था
Source link
मेरठ में बैजल भवन चौराहे पर ट्रैफिक व्यवस्था बदली:कुटिया से बैजल भवन तक वन-वे लागू, कई रास्तों पर वाहनों की एंट्री बंद; जानिए नए रूट