उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद पहुंचे मथुरा:वृंदावन में हुए झगड़े में घायल लोगों से की मुलाकात,कहा अपराधी की नहीं होती कोई जाति


मंगलवार को वृंदावन में यमुना किनारे हुए झगड़े में घायल निषाद समाज के लोगों से मिलने के लिए बुधवार को उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और निषाद समाज पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद मथुरा पहुंचे। संजय निषाद ने यहां अस्पताल में भर्ती लोगों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि अपराधी की कोई जाति नहीं होती। निजी अस्पताल में चल रहा इलाज मंगलवार को E रिक्शा हटाने की कहने को लेकर हुए बबाल में गंभीर रूप से घायल युवकों का हालचाल जानने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संजय निषाद मथुरा पहुंचे। यहां उन्होंने ICU में भर्ती युवकों को देखा और परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने डॉक्टरों से इलाज में किसी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश दिए। यहां अस्पताल में कुल 6 युवक भर्ती हैं। जिसमें से 3 ICU में हैं। एक युवक की हालत नाजुक युवकों का हालचाल जानने के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री संजय निषाद ने कहा कि समाज ने उन पर विश्वास जताया है और वह पीड़ितों की बात मजबूती से रखने आए हैं। उन्होंने कहा कि घटना में घायल हुए लोगों में से एक योगेश जी हालत नाजुक है, जिसका फेफड़ा पंक्चर हुआ है, इसलिए पहली प्राथमिकता घायलों की जान बचाना और उन्हें हर संभव चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराध की कोई जाति नहीं होती, अपराधी केवल अपराधी होता है और मुख्य आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। लोकतंत्र में हिंसा की कोई जगह नहीं मंत्री संजय निषाद ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा, मारपीट या गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं है, सामंतवाद 1950 में ही खत्म हो चुका है और हर नागरिक को समानता व सुरक्षा का अधिकार है। निषाद समाज की संवैधानिक सुरक्षा पर जोर देते हुए कैबिनेट मंत्री ने मांग की कि मछुआरा (फिशरमैन) समुदाय को भी अनुसूचित जाति (SC) श्रेणी में शामिल कर अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम का संरक्षण दिया जाना चाहिए, ताकि ऐसे सताए गए वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। आपसी विवादों में बाहरी तत्वों और राजनीति करने वालों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अड़ोसी-पड़ोसी के झगड़ों को आपस में सुलझाया जा सकता है, लेकिन बाहरी लोगों का हस्तक्षेप और उकसावा माहौल खराब करता है। उन्होंने विपक्ष पर केवल पोस्टरबाजी करने का आरोप लगाया और प्रदेश की कानून-व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हर मामले में त्वरित संज्ञान लेकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करते हैं। इसके साथ ही उन्होंने अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई को जनता के हित में लिया गया कदम बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए उनके सेवाकाल और अनुशासन को देश के लिए मिसाल बताया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *