![]()
कानपुर के हरबंस मोहाल में पत्नी के मायके चले जाने से आहत युवक ने बुधवार तड़के घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सुबह करीब पांच बजे मां कमरे में पहुंचीं तो बेटे का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका देखकर चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना पर पहुंची हरबंस मोहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हरबंस मोहाल थाना क्षेत्र के दानाखोरी निवासी कल्लू कश्यप प्राइवेट कर्मचारी हैं। परिवार में पत्नी सागरा कश्यप और दो बेटे कुलदीप कश्यप (27) व निखिल हैं। कल्लू के मुताबिक, कुलदीप ने करीब चार साल पहले गोंडा निवासी महक से प्रेम विवाह किया था। शादी के शुरुआती दिनों में दोनों के बीच सबकुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होने लगा। दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती थी। मंगलवार को विवाद के बाद पत्नी चली गई मायके कल्लू ने बताया कि मंगलवार दोपहर किसी बात को लेकर कुलदीप और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसके बाद महक मायके जाने लगी। उसने कोयला नगर निवासी अपनी मौसी रेनू से फोन पर बात की और कुलदीप से झकरकटी बस अड्डे तक छोड़ने के लिए कहा। कुलदीप बाइक से पत्नी को झकरकटी बस अड्डे लेकर पहुंचा, जहां उसकी मौसी रेनू भी मिल गईं। इसके बाद महक और रेनू रोडवेज बस से गोंडा चली गईं। परिजनों के मुताबिक, पत्नी के चले जाने के बाद कुलदीप काफी परेशान था। वह शराब पीने लगा। उसने पत्नी से वापस आने के लिए भी कहा, लेकिन वह नहीं लौटी। बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे कुलदीप शराब के नशे में घर पहुंचा और सीधे अपने कमरे में चला गया। मां ने कमरे में देखा तो मचा कोहराम करीब आधे घंटे बाद सुबह पांच बजे मां की नींद खुली। वह बेटे के कमरे में पहुंचीं तो कुलदीप का शव पंखे से दुपट्टे के सहारे लटका मिला। बेटे को इस हालत में देखकर उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य भी कमरे में पहुँचे ओर सूचना पुलिस को दी। सूचना पर हरबंस मोहाल थाने का फोर्स और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया पत्नी के मायके चले जाने के बाद युवक के परेशान होने की बात सामने आई है। मामले में परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई हरबंस मोहाल थाना प्रभारी ने बताया कि युवक शराब के नशे में तड़के घर आया था। उसकी पत्नी मायके चली गई थी, जिससे वह परेशान था। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पत्नी के मायके जाने पर युवक ने लगाई फांसी:कानपुर में तड़के शराब के नशे में घर लौटा, पंखे से लटका मिला शव; पत्नी से हुआ था झगड़ा