![]()
प्रतापगढ़ में बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले ग्रामीणों पर FIR दर्ज की गई है। इसमें नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि बादल पटेल समेत 9 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 100 से ज्यादा अज्ञात ग्रामीण भी शामिल हैं। यह केस जेठवारा थाने में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) राजेश कुमार की शिकायत पर रविवार को दर्ज हुआ। मान्धाता बाजार और आसपास के गांवों में कई घंटों तक बिजली गुल रहती है, जिससे लोग परेशान हैं। इसी समस्या को लेकर शनिवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीण 132 केवीए सराय भीमसेन पावर हाउस पहुंचे थे। उन्होंने बिजली सप्लाई ठीक करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। मौके पर 112 पीआरबी और जटवाड़ा थाने का पुलिस बल भी मौजूद था। प्रदर्शन में बादल पटेल के साथ दीपू तिवारी, निर्भय सिंह, निक्की सिंह, संजय सिंह, प्रभात, दिलीप कुमार, विकास, मनोज, सुरेश, पन्नालाल और सभासद सूरत पटेल जैसे कई ग्रामीण शामिल थे। चेयरमैन प्रतिनिधि बादल पटेल ने बताया कि ग्रामीण बिजली कटौती की वजह जानने पावर हाउस गए थे। अधिकारियों से बात करने के बाद सभी शांति से लौट गए थे। इसके बावजूद 9 नामजद और 100 से ज्यादा अज्ञात लोगों पर केस दर्ज करना गलत है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर FIR वापस नहीं हुई, तो वे ग्रामीणों के साथ मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे और जनआंदोलन करने पर मजबूर होंगे। भाजपा के निवर्तमान मंडल अध्यक्ष विक्रांत सिंह उर्फ नवीन ने भी इस कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपनी सही मांग के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारी अपनी लापरवाही छिपाने के लिए केस दर्ज करा रहे हैं। नवीन ने अधिकारियों से इस मामले में दखल देने, FIR रद्द करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की।
Source link
प्रतापगढ़ में बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन, चेयरमैन प्रतिनिधि समेत:100 अज्ञात ग्रामीणों पर भी FIR; प्रतिनिधि बोले- केस वापस नहीं हुआ तो मुख्यमंत्री से शिकायत करेंगे।