![]()
रविवार देर रात हुई हल्की रिमझिम बारिश के बाद सोमवार सुबह मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली। सुबह से ही तेज धूप निकलने के कारण शहर में उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। बारिश के बाद कुछ समय के लिए मौसम सुहाना हुआ था, लेकिन धूप निकलते ही गर्मी का असर दोबारा बढ़ गया। पिछले तीन दिनों से दिन के समय लगातार तेज धूप देखने को मिल रही है। इसके चलते तापमान में भी लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार देर रात प्रयागराज के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद तेज हवाएं चलने से मौसम काफी खुशनुमा हो गया था और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली थी। हालांकि, सोमवार सुबह से निकली तेज धूप ने एक बार फिर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बढ़ती उमस के कारण लोगों को गर्मी अधिक महसूस हो रही है। दोपहर के समय गर्मी और बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले समय में मौसम एक बार फिर बदल सकता है। शहर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। विभाग के मुताबिक आज प्रयागराज में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बारिश और तेज हवाओं के कारण जहां लोगों को कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिल रही है, वहीं बारिश के बाद दोबारा तेज धूप निकलने से उमस बढ़ रही है। ऐसे में फिलहाल लोगों को गर्मी और उमस से राहत के लिए बारिश का इंतजार है।
Source link
प्रयागराज में देर रात बारिश के बाद सुबह निकली धूप:फिर से बढ़ने लगा तापमान, शाम तक बारिश का अलर्ट जारी