![]()
हरदोई में मां के अंतिम संस्कार में पंजाब से घर आए 35 वर्षीय छोटक्के की संदिग्ध हालात में जहर खाने से मौत हो गई। वह शनिवार शाम गांव के कुछ लोगों के साथ जाने के बाद पूरी रात घर नहीं लौटा। रविवार सुबह वापस पहुंचते ही उसकी तबीयत बिगड़ गई और उल्टियां होने लगीं। परिजन उसे पहले सीएचसी अहिरोरी, फिर मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान दोपहर बाद 3:35 बजे उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर पंजाब में चली आ रही पुरानी दुश्मनी के चलते छोटक्के को बहाने से बुलाकर जहर देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी। मां की मौत की खबर पर पंजाब से गांव आया था छोटक्के पंजाब में मजदूरी करता था। उसकी मां मूला की मौत की खबर मिलने के बाद वह शुक्रवार रात गांव भड़ायल (बांधा) पहुंचा था। शनिवार को परिवार के साथ मां का अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों के मुताबिक, अंतिम संस्कार के बाद शाम के समय गांव के कुछ लोग छोटक्के को अपने साथ बुलाकर ले गए। इसके बाद वह रातभर घर नहीं लौटा। सुबह लौटा तो होने लगीं उल्टियां रविवार सुबह छोटक्के अचानक घर पहुंचा। घर आते ही उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे लगातार उल्टियां होने लगीं। हालत बिगड़ती देख परिवार वाले उसे सीएचसी अहिरोरी लेकर पहुंचे। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इसके बाद परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उसे एक निजी अस्पताल भी ले गए, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। पंजाब की पुरानी रंजिश में जहर देने का आरोप मृतक के भाई सर्वजीत ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि पंजाब में गांव के ही एक युवक की संदिग्ध मौत को लेकर आरोपियों के परिवार से उनकी पुरानी दुश्मनी चल रही थी। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने छोटक्के को बहाने से बुलाया और उसे जहर दे दिया। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज छोटक्के की इलाज के दौरान रविवार दोपहर बाद 3:35 बजे मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि युवक की मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मां के अंतिम-संस्कार में आए युवक की जहर से मौत:परिजनों ने पंजाब की पुरानी रंजिश में हत्या करने का आरोप लगाया