गोरखपुर में तेज धूप से लोग परेशान:उमस भरी गर्मी से हुआ हाल बेहाल, देर रात तक हो सकती है बारिश


गोरखपुर में शनिवार सुबह से ही मौसम बेहद गर्म है। आसमान में तेज और चुभती धूप खिली रही, जिससे सुबह के समय ही गर्मी का असर महसूस होने लगा। करीब 20–22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाएं भी राहत नहीं दे पा रहीं, क्योंकि 80 प्रतिशत से अधिक नमी ने उमस को और बढ़ा दिया है। लोग पसीने और चिपचिपाहट से बेहाल नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि दिनभर तेज धूप का असर बना रहेगा। देर रात हल्की बारिश के आसार दिनभर की तपिश के बाद देर रात मौसम कुछ करवट ले सकता है। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या फुहार पड़ने की संभावना जताई गई है। अगर बारिश होती है, तो इससे तापमान में मामूली गिरावट आएगी और उमस से जूझ रहे लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि यह राहत अस्थायी रहने की उम्मीद है। मौसम वैज्ञानिक डॉ. कैलाश पांडेय के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक गोरखपुर में मौसम का मिजाज मिला-जुला बना रहेगा। आसमान में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। 12 से 16 सितंबर के बीच थंडरशॉवर की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है, जिससे मौसम बार-बार बदलता नजर आएगा कभी धूप तो कभी बारिश। तापमान करेगा ज्यादा परेशान हालांकि वास्तविक तापमान 26 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, लेकिन अधिक नमी के कारण लोगों को महसूस होने वाला तापमान इससे ज्यादा रहेगा। यही वजह है कि गर्मी और उमस का असर लगातार बना रहेगा, खासकर दोपहर के समय लोगों को ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सप्ताह के अंत तक बारिश की गतिविधियां कुछ कम हो सकती हैं और आसमान आंशिक रूप से साफ होने लगेगा। इसके साथ ही धूप भी हल्की-फुल्की नजर आ सकती है, लेकिन नमी का स्तर अभी भी ऊंचा बना रहेगा, जिससे पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद कम है। पारा 36 डिग्री तक पहुंचने के आसार अगर अगले दिनों के तापमान की बात करें तो 13 सितंबर को 26–35 डिग्री, 14 से 16 सितंबर के बीच 27–35 डिग्री के आसपास तापमान बना रहेगा। 17 सितंबर को अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच सकता है। इसके बाद 18 सितंबर को 35 डिग्री और 19 सितंबर को हल्की गिरावट के साथ 34 डिग्री रहने की संभावना है। कुल मिलाकर, गोरखपुर में मानसून सक्रिय है और लोगों को गर्मी, उमस और बारिश—तीनों का मिला-जुला असर झेलना पड़ेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *