![]()
हाथरस में श्री दाऊजी महाराज मेले के आयोजन को लेकर आज गुरुवार को दोपहर 12:00 के लगभग जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कलेक्ट्रेट सभागार में मेला संयोजकों और समन्वयकों के साथ बैठक की। उन्होंने सभी कार्यक्रमों को परंपरागत, भव्य और गरिमापूर्ण तरीके से आयोजित कराने की अपील की। मेले के उद्घाटन के लिए जिले की प्रभारी मंत्री बेबी रानी मौर्य को आमंत्रित किया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि मेले का शुभारंभ 15 सितंबर को गणेश चतुर्थी पर पूजा-अर्चना के साथ होगा। 17 सितंबर को बल्देव छठ से मेले का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने मेला संयोजकों और समन्वयकों के साथ कार्यक्रमों और व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। जिलाधिकारी ने कहा कि यह मेला जिले की आस्था, परंपरा और गौरव से जुड़ा एक खास आयोजन है। उन्होंने मेला संयोजकों और कार्यक्रम आयोजकों से अपील की कि सभी कार्यक्रमों की समय पर कार्ययोजना बनाकर प्रशासन को दें। इससे संबंधित सेक्टरों में पुलिस और प्रशासनिक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जा सकेंगी। अनुशासनहीनता नहीं होने दी जाएगी… उन्होंने साफ किया कि किसी भी कार्यक्रम में अनुशासनहीनता या सुरक्षा में कोई समझौता बर्दाश्त नहीं होगा। आयोजकों को आमंत्रित किए जाने वाले कलाकारों, पहलवानों और खास मेहमानों की जानकारी, कार्यक्रम का समय, अनुमानित भीड़ और जरूरी व्यवस्थाओं की सूचना पहले ही मेला प्रशासन और पुलिस को देना अनिवार्य होगा। दंगल कार्यक्रमों में किसी भी तरह की अव्यवस्था, विवाद या गलत व्यवहार दोबारा न हो, इसका खास ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अश्लील या आपत्तिजनक गानों और राजनीतिक प्रचार से पूरी तरह बचा जाए। एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने बताया कि मेले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 1,000 पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं। इनमें लगभग 300 महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। मेले में भीड़ बढ़ने के साथ पुलिस बल और चौकियों की व्यवस्था को जरूरत के हिसाब से बढ़ाया जाएगा। इस मौके पर जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट और मेला के कार्यक्रमों के संयोजक मौजूद थे।
Source link
हाथरस में दाऊजी महाराज मेले की तैयारी:कार्यक्रम संयोजकों के साथ अधिकारियों ने की बैठक, प्रभारी मंत्री को न्यौता