चित्रकूट में 11 सितंबर को भाद्रपद अमावस्या:10 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना, प्रशासन ने की तैयारी, 5 रैन बसेरे बनेंगे


चित्रकूट में भाद्रपद मास की अमावस्या को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 11 सितंबर को होने वाले इस धार्मिक पर्व पर करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और आवागमन आसान बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों का जायजा लेना शुरू कर दिया है। डीएम पुलकित गर्ग ने अधिकारियों के साथ बैठक की और निर्देश दिए कि अमावस्या मेले की सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो। साफ-सफाई, पीने का पानी, रोशनी की व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं और आवागमन के लिए खास तैयारी की जाए। बैठक में डीएम ने खंड विकास अधिकारियों से मेले के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए भरथौल और संग्रामपुर सहित कुछ तय जगहों पर तीन अस्थायी रैन बसेरे बनाए जा रहे हैं। इस पर डीएम ने कहा कि पर्व में अब बहुत कम समय बचा है, इसलिए रैन बसेरों का निर्माण जल्द से जल्द पूरा किया जाए। नगर पालिका भी दो अस्थायी रैन बसेरे बनाएगी। कुल मिलाकर, मेले के दौरान पांच अस्थायी रैन बसेरों की व्यवस्था रहेगी। डीएम ने नगर पालिका और खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त रोशनी, पीने का पानी और साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए। साथ ही, हर रैन बसेरे पर एक कर्मचारी तैनात किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि रैन बसेरों के बाहर साफ और बड़े बैनर लगाए जाएं। इन पर रैन बसेरे का स्थान, उसकी क्षमता और वहां तैनात कर्मचारी का मोबाइल नंबर लिखा हो। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को ठहरने की जानकारी आसानी से मिल पाएगी। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को काफी संख्या में पानी के टैंकरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मेले के दौरान प्रमुख चौराहों और जरूरी जगहों पर मेडिकल टीमें तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तुरंत इलाज मिल सके। इस बार प्रशासन का मुख्य ध्यान भारी भीड़ के बीच श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर रहेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *