झांसी में मछली पकड़ने गए भाई बेतवा में डूबे:नदी के तेज बहाव में पलट गई नाव, तैरकर बाहर नहीं आ सके दोनों


झांसी के बरुआसागर में मंगलवार सुबह बेतवा नदी में नाव पलटने से दो सगे भाई डूब गए। दोनों भाई मछली पकड़ने के लिए नदी में नाव लेकर उतरे थे। इसी दौरान तेज बहाव में नाव पलट गई और दोनों पानी में बह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की, लेकिन देर तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। अब पुलिस ने एसडीआरएफ की फ्लड यूनिट से मदद मांगी है। घटना बरुआसागर थाना क्षेत्र के कटरा मोहल्ले की है। यहां रहने वाले राजू के बेटे महेंद्र (30) और मनीष (26) मंगलवार सुबह करीब 8 बजे बेतवा नदी में मछली पकड़ने पहुंचे थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मध्य प्रदेश में लगातार बारिश के कारण बेतवा नदी का बहाव काफी तेज था। इसके बावजूद दोनों भाइयों ने नाव नदी में उतार दी। बताया जा रहा है कि नदी में कुछ दूर जाने के बाद नाव तेज बहाव की चपेट में आकर पलट गई। दोनों भाइयों को तैरना आता था, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि वे खुद को संभाल नहीं सके। देखते ही देखते दोनों पानी में गायब हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों भाइयों की तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। अब पुलिस एसडीआरएफ की फ्लड यूनिट की मदद से नदी में दोनों की तलाश कराने की तैयारी कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *