![]()
प्रतापगढ़ के आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र में एक बर्फ कारोबारी का शव पीली नदी में मिला है। सोनपुरा गांव के रहने वाले 35 साल के रविवंत शर्मा का शव सोमवार शाम करीब 5 बजे अतरौरा मीरपुर गांव के पास बबूल की झाड़ियों में फंसा मिला। रविवंत पिछले तीन दिन से लापता थे। रविवंत शर्मा बर्फ का कारोबार करते थे। वह शनिवार सुबह करीब 11 बजे घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और जान-पहचान वालों से भी पूछताछ की गई, पर उनका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार शाम करीब पांच बजे अतरौरा मीरपुर गांव के पास कुछ ग्रामीण पीली नदी की तरफ गए थे। तभी उनकी नजर नदी में बबूल की झाड़ियों में फंसे एक शव पर पड़ी। शव मिलने की खबर तेजी से गांव में फैल गई और मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही आसपुर देवसरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव की पहचान लापता रविवंत शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने परिवार वालों को घटना की जानकारी दी। रविवंत तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत किन हालात में हुई, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। थानाध्यक्ष राकेश चौरसिया ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। परिवार की तरफ से अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का पता चल पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पीली नदी में मिला लापता बर्फ कारोबारी का शव:प्रतापगढ़ में तीन दिन से लापता था, घर वाले कर रहे थे तलाश