चलती कार में पेड़ गिरा, डिप्टी-कलेक्टर की मां की मौत:इंदौर में गाड़ी के अंदर ही मुड़ गई गर्दन; बहन-बहनोई घायल, मीटिंग में थी बेटी


इंदौर में सोमवार को बारिश के बीच सेंट्रल जेल के सामने से सड़क से गुजर रही दो कारों पर अचानक एक पेड़ गिर गया। हादसे में एक कार में सवार डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी की मां राधा देवी सिंघी (75) की मौत हो गई। उनकी बहन और जीजा घायल हुए हैं। हादसे में ड्राइवर के भी घायल होने की जानकारी है। हादसा इतना भीषण था कि पेड़ गिरने से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राधा देवी सिंघी की गर्दन गाड़ी के अंदर ही मुड़ गई। सिर में भी गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और राहत-बचाव शुरू किया। बैठक में थीं डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी जानकारी के मुताबिक, जिस समय यह हादसा हुआ, डिप्टी कलेक्टर पूर्णिमा सिंघी नर्मदा घाटी विभाग की बैठक में थीं। घटना की जानकारी मिलते ही कमिश्नर भास्कर लक्ष्यकार ने तत्काल बैठक निरस्त कर सभी अधिकारियों को मौके पर रवाना किया। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा एसीपी विनोद दीक्षित के मुताबिक, पुलिस ने राधा देवी सिंघी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं, घायलों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की। सीजन में अब तक 22 इंच बारिश इंदौर में इस मानसून सीजन में अब तक कुल 22 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। हालांकि, पिछले वर्षों की तुलना में इस बार सीजन में अब तक वर्षा कम हुई है। फिलहाल कोई प्रभावी मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। स्थानीय सिस्टम बनने पर कुछ समय के लिए बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *