![]()
महिला एशिया कप में फिर से भारत-पाकिस्तान के बीच ट्रॉफी विवाद होने की आशंका है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन और एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी दुबई में होने टूर्नामेंट के फाइनल में चीफ गेस्ट हो सकते हैं। ऐसे में अगर हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारत ट्रॉफी जीतता है, तो क्या टीम नकवी से ट्रॉफी लेगी? यह बड़ा सवाल है। पिछले साल सितंबर 2025 में भारत की पुरुष टीम ने एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी जीती थी। उस समय भारत ने नकवी के हाथों ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। तब भारत ने बिना ट्रॉफी के सेलिब्रेशन किया था। नकवी ट्रॉफी क्यों दे सकते हैं नकवी के पास इस प्रेजेंटेशन से जुड़े दो अहम पद हैं। वे PCB के चेयरमैन और ACC के अध्यक्ष हैं। महिला एशिया कप ACC की मेजबानी में हो रहा है। इसलिए ACC प्रेसिडेंट होने के नाते नकवी के पास विजेता टीम को ट्रॉफी देने का अधिकार है। ऐसे में अगर हरमनप्रीत कौर की टीम फाइनल में पहुंचकर खिताब जीतती है, तो दुबई में भारत-पाकिस्तान से जुड़ा एक और ट्रॉफी विवाद देखने को मिल सकता है। पिछले साल क्या हुआ था यह विवाद 28 सितंबर 2025 को पुरुष एशिया कप फाइनल में भारत की पाकिस्तान पर जीत के बाद शुरू हुआ। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम जीत गई थी, लेकिन पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन एक घंटे से ज्यादा देर तक रुका रहा। इस दौरान ट्रॉफी किससे दिलाई जाएगी, इसे लेकर चर्चा होती रही। भारत ने आखिरकार नकवी से ट्रॉफी नहीं ली। खिलाड़ियों ने बिना ट्रॉफी के पोडियम पर खिताब का जश्न मनाया, जबकि नकवी ट्रॉफी लेकर स्टेडियम से चले गए। एशिया कप की ट्रॉफी अब तक भारत को नहीं दी गई है। यह दुबई स्थित ACC के ऑफिस में रखी है। यह मामला पूरे टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा चर्चा में रहे पलों में शामिल रहा, खासकर इसलिए क्योंकि दोनों टीमों के बीच तनाव के बावजूद नकवी फाइनल में पहुंचे थे। तनावपूर्ण माहौल में हुआ था टूर्नामेंट पिछले साल का पुरुष एशिया कप पहलगाम आतंकी हमले के बाद खेला गया था। टूर्नामेंट के दौरान नकवी ने पाकिस्तान के गृह मंत्री के तौर पर सोशल मीडिया पर भारत विरोधी बयान भी शेयर किए थे। अब महिला एशिया कप फाइनल में नकवी की मौजूदगी से ट्रॉफी को लेकर एक और विवाद की आशंका बनी है। अगर भारत टूर्नामेंट जीतता है, तो ACC अध्यक्ष होने के कारण नकवी विजेता टीम को ट्रॉफी देने वाले अधिकारी हो सकते हैं। हालांकि, नकवी से ट्रॉफी लेनी है या नहीं, इसका फैसला हरमनप्रीत की अगुआई वाली भारतीय टीम पर निर्भर करेगा। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अब तक यह नहीं बताया है कि नकवी की मौजूदगी में जीत मिलने पर महिला टीम क्या करेगी। भारत का अब तक का प्रदर्शन आठ टीमों वाले महिला एशिया कप में भारत अब तक अजेय है। हरमनप्रीत कौर की टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत थाईलैंड के खिलाफ जीत से की। इसके बाद ग्रुप स्टेज में हांगकांग और पाकिस्तान के खिलाफ भी उसे बड़ी जीत मिली। भारत ने पाकिस्तान को दुबई में 7 विकेट से हराया था। पाकिस्तान की फातिमा सना की कप्तानी वाली टीम सिर्फ 55 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इस टूर्नामेंट में स्मृति मंधाना ने भी बड़ी उपलब्धि हासिल की। वे पूर्व भारतीय कप्तान मिताली राज को पीछे छोड़कर महिला इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी बन गईं। भारत सेमीफाइनल में जगह पक्की कर चुका है और उसने अब तक कोई मैच नहीं गंवाया है। अब टीम का ध्यान नॉकआउट स्टेज पर है। अगर भारतीय टीम फाइनल तक पहुंचकर 13 सितंबर को ट्रॉफी जीतती है, तो नकवी की मौजूदगी दुबई में एक और चर्चित प्रेजेंटेशन सेरेमनी की वजह बन सकती है। फाइनल में कौन-कौन सी टीमें पहुंचेंगी, यह अभी तय नहीं है।
Source link
फिर रिपीट होगा मोहसिन नकवी और ट्रॉफी ड्रामा?:ACC प्रेसिडेंट महिला एशिया कप फाइनल में चीफ-गेस्ट; भारत जीता तो क्या उनके हाथों ट्रॉफी लेगा?