गोरखपुर में रैली रोकने पर पुलिस से झड़प, केस दर्ज:पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिंता यादव के पति-देवर समेत 19 नामजद, 6 ट्रैक्टर जब्त


गोरखपुर की कैंपियरगंज विधानसभा में रविवार को एक रैली के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। पीपीगंज पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिंता यादव के पति और देवर समेत 19 नामजद और 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। यह रैली पीपीगंज के भगवानपुर से सुबह 11 बजे सैकड़ों वाहनों के साथ निकाली गई थी। रैली के पांच सौ मीटर आगे बढ़ते ही पीपीगंज पुलिस ने उसे रोक दिया। जंगल कौड़िया टोल प्लाजा पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चिंता यादव और उनके समर्थकों की पीपीगंज थानाध्यक्ष से नोकझोक हुई। इसके बाद पुलिस ने कथित तौर पर हल्का बल प्रयोग किया, जिससे रैली में अफरा-तफरी मच गई। पीपीगंज पुलिस ने एसएसआई मनीष गिरी की शिकायत पर यह कार्रवाई की है। पुलिस ने छह ट्रैक्टर और एक चार पहिया कार को भी जब्त कर लिया है। इस घटना के बाद कैंपियरगंज क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। चिंता यादव के पति साधु यादव ने आरोप लगाया है कि अगर पुलिस ने समय रहते रैली रद्द करने की सूचना दी होती, तो इसे स्थगित कर दिया जाता। उन्होंने कहा कि स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने किसी दबाव में आकर रैली को विफल करने की साजिश रची। साधु यादव के मुताबिक, पुलिस ने शांतिपूर्ण ढंग से रैली में शामिल लोगों पर लाठीचार्ज किया और अब मुकदमा दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। केस में साधु यादव, उनके भाई सुरेंद्र यादव, शैलेंद्र यादव (निवासी भरवल, पीपीगंज), मुलायम यादव , विशाल यादव, सोनू यादव, अखिलेश यादव उर्फ भोला यादव , सुरेंद्र यादव , जितेंद्र यादव , राजेश्वर मिश्रा, युसुफ, गोरख मिश्रा, प्रमोद यादव , बबलू यादव , सत्येंद्र यादव, अरविंद यादव , प्रभात यादव, जयहिंद यादव उर्फ गोलू, सत्यम यादव और सीडी यादव को नामजद किया गया है। इनके अलावा 30 से 40 अज्ञात लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया है। कैंपियरगंज सीओ अनुराग सिंह ने कहा- साधू यादव बिना अनुमति के रैली निकाल रहे थे। इससे जाम की स्थिति बन गई। पुलिस मौके पर पहुंची और रैली निकालने से मना किया। इस पर लोग पुलिस से उलझ गए। अतिरिक्त पुलिस फोर्स ने शांति व्यवस्था कायम कराई। साथ ही बिना नम्बर प्लेट के 6 ट्रैक्टर और नाबालिग द्वारा चलाए जा रहे 1 गाड़ी को सीज किया गया। मुकदमा दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *