ग्रेटर नोएडा में हेड कांस्टेबल की सड़क हादसे में मौत:जीरो प्वाइंट पर ड्यूटी के दौरान कार ने मारी टक्कर, ड्राइवर अरेस्ट


ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाने में तैनात हेड कांस्टेबल राजपाल सिंह की ड्यूटी के दौरान हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। बुधवार रात जीरो प्वाइंट पर सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी थी। गंभीर रूप से घायल राजपाल सिंह को पुलिसकर्मी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस विभाग में दुख फैल गया। मूलरूप से मुजफ्फरनगर के दतियाना गांव के रहने वाले राजपाल सिंह पिछले करीब तीन सालों से नॉलेज पार्क कोतवाली में तैनात थे। बुधवार रात उनकी ड्यूटी जीरो प्वाइंट पर लगी थी। रात करीब 10 बजे वह सड़क पार कर रहे थे। तभी यमुना एक्सप्रेस-वे की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह कई फीट दूर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलने पर पीआरवी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने घायल राजपाल सिंह को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन ज्यादा खून बहने से इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना की जानकारी परिवार को दी। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि हादसे के मामले में केस दर्ज कर कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। कार को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है। वहां मौजूद लोगों के बयान भी लिए जा रहे हैं, ताकि हादसे की सही वजह पता चल सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस घटना के बाद पूरे पुलिस विभाग में दुख का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *