हरदोई में युवक की ट्रेन से गिरकर मौत:रक्षाबंधन पर पत्नी को लखनऊ छोड़कर दिल्ली लौट रहा था, तीसरे दिन शिनाख्त


हरदोई में रक्षाबंधन का त्योहार मनाकर अपनी ससुराल से दिल्ली लौट रहे एक युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। यह हादसा हरदोई रेलवे स्टेशन पर हुआ। युवक की पहचान तीन दिन बाद पोस्टमार्टम हाउस में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे हुई। परिजन शव देखकर बिलख पड़े। दिल्ली के सरिता विहार (मदनपुर खादर) में रहने वाले 33 वर्षीय ज्योति ठाकुर सैलून चलाते थे। वह रक्षाबंधन पर अपनी पत्नी अलका और एक साल की बेटी पिहु के साथ लखनऊ के गोमती नगर स्थित ससुराल आए थे। 1 सितंबर की रात ज्योति पत्नी और बेटी को लखनऊ में छोड़कर अकेले दिल्ली लौटने के लिए लखनऊ-नई दिल्ली सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर- 12429) में सवार हुए। इस दौरान देर रात जब ट्रेन हरदोई रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-2 से बिना रुके गुजर रही थी, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़े। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। जीआरपी के साथ रेलवे अधिकारी मौके पर आ गए। जीआरपी ने शव कब्जे में लिया। इस दौरान जीआरपी की सूचना पर मृतक के भाई विष्णु ठाकुर और अन्य रिश्तेदार हरदोई पहुंचे। ज्योति चार भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार में मातम छा गया है। जीआरपी ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और हादसे की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *