मिर्जापुर में अदवा बांध का गेट खराब:अदवा नदी का बढ़ा जलस्तर, सीमावर्ती गांवों में अलर्ट; पुलिस ने बांध पर जवान किए तैनात


मिर्जापुर के हलिया क्षेत्र में अदवा बांध के गेट नंबर छह की बियरिंग खराब हो गई है। तकनीकी खराबी के बाद गुरुवार को गेट खोलकर मैकेनिकल टीम ने मरम्मत कार्य शुरू कर दिया। मरम्मत के दौरान बांध से अदवा नदी में करीब 22 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इससे नदी का जलस्तर बढ़ गया है और पानी अदवा पुल के पास तक पहुंच गया है। नदी का जलस्तर बढ़ने को देखते हुए सीमावर्ती गांवों में अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों को नदी के किनारे नहीं जाने और तेज बहाव वाले इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। पुलिस और प्रशासन की टीम आसपास के गांवों में लोगों को जागरूक कर सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील कर रही है।
गेट में तकनीकी खराबी की जानकारी मिलते ही सिंचाई विभाग की मैकेनिकल टीम मौके पर पहुंच गई। टीम गेट नंबर छह की बियरिंग की मरम्मत में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक मरम्मत कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। अदवा बांध की स्थिति को देखते हुए थानाध्यक्ष राजीव कुमार श्रीवास्तव ने बांध स्थल पर पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। पुलिसकर्मी और प्रशासनिक टीम आसपास के इलाकों में निगरानी कर रहे हैं।
मुख्य अभियंता रामा शंकर राजपूत, एडीओ अनिल कुमार गुप्ता और अवर अभियंता सिद्धार्थ यादव ने बताया कि गेट नंबर छह की बियरिंग खराब होने के कारण मैकेनिकल टीम मरम्मत कर रही है। मरम्मत के दौरान गेट खोलकर नियंत्रित मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और टीम लगातार काम कर रही है, ताकि गेट को जल्द ठीक किया जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *