![]()
ग्रेटर नोएडा के हल्दौनी गांव में 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के मामले में समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 1 लाख रुपये की सहायता देने का एलान किया था। बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी और नोएडा महानगर अध्यक्ष आश्रय गुप्ता ने यह रकम पीड़ित परिवार को सौंप दी। इस मौके पर सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने घटना को दुखद बताया। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। भाटी ने कहा कि हल्दौनी गांव की इस घटना ने महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों के हौसले बढ़े हुए हैं और बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। सुधीर भाटी ने यह भी बताया कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव हमेशा महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए आवाज उठाते रहे हैं। उनके अनुसार, अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री रहते हुए महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई जरूरी कदम उठाए थे। उन्होंने बताया कि इस मामले में वे जिलाधिकारी से भी मिले हैं। उन्होंने परिवार को और आर्थिक मदद दिलाने की बात कही है, जिस पर जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है। बता दें कि इस मामले का आरोपी बलराज पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है। ईकोटेक 3 थाना पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर चाकू बरामद करने जा रही थी। तभी आरोपी ने पुलिस का हथियार छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बलराज को गोली लग गई। अस्पताल ले जाते समय आरोपी बलराज की मौत हो गई थी। आरोपी की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नोएडा पुलिस की काफी तारीफ की थी। दो दिन पहले ही उन्होंने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह और उनकी पूरी टीम को सम्मानित भी किया। ग्रामीणों ने कहा कि नोएडा पुलिस ने तुरंत और सही कार्रवाई की है, जिसके लिए वह तारीफ की हकदार है।
Source link
सपा ने दुष्कर्म-हत्या पीड़िता के परिवार को दी आर्थिक मदद:ग्रेटर नोएडा में 6 साल की बच्ची से दरिंदगी के बाद हुई थी हत्या