![]()
रायबरेली के सबसे व्यस्त गल्ला मंडी मार्ग पर लंबे समय से जमा गंदे पानी की समस्या को लेकर गुरुवार सुबह करीब 11 बजे लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए और नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने यमराज के पोस्टर और बैनर लेकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की और जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि गल्ला मंडी मार्ग पर लंबे समय से गंदा पानी जमा है। इससे पैदल चलने वालों के साथ दुकानदारों और वाहन चालकों को भी परेशानी हो रही है। लोगों को पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। गल्ला मंडी शहर का प्रमुख कारोबारी क्षेत्र है। यहां रोजाना हजारों वाहनों का आवागमन होता है। सड़क पर जलभराव के कारण ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। यमराज का पोस्टर लेकर जताया विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। प्रदर्शनकारी यमराज का पोस्टर और बैनर लेकर सड़क पर पहुंचे। उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। ईओ के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी की गई।लोगों ने आरोप लगाया कि पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या लगातार बनी हुई है। शहर की प्रमुख सड़क की यह स्थिति नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। बोले- स्थायी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन बढ़ाएंगे प्रदर्शन में समाजसेवी राकेश गुप्ता, संतोष पांडेय, आशीष पाठक, सभासद पूर्व कश्यप और मारुति त्रिपाठी समेत कई लोग मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा। प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक सड़क पर भीड़ जमा रही, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। नालियों की सफाई और पानी निकासी की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गल्ला मंडी मार्ग से तत्काल गंदा पानी हटाने की मांग की। साथ ही नालियों की सफाई कराने और पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा। लोगों का कहना है कि भविष्य में दोबारा जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए स्थायी समाधान किया जाना जरूरी है।
Source link
गल्ला मंडी मार्ग पर जलभराव से भड़का लोगों का गुस्सा:रायबरेली में यमराज बनकर प्रदर्शन, नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी