सुशील सिंह | मऊ6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मऊ के मधुबन विधानसभा क्षेत्र के पांति मैदान में मंगलवार को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी और नगीना मॉडल की तर्ज पर कमजोर वर्गों के लोगों को नेतृत्व देने का प्रयास करेगी।
मधुबन विधानसभा सीट से आजाद समाज पार्टी ने सागर यादव को प्रभारी प्रत्याशी बनाया है। इसी को लेकर आयोजित कार्यक्रम में चंद्रशेखर आजाद ने क्षेत्र की जनता को संबोधित किया।
45 विधानसभा सीटों पर बनाए प्रभारी
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि पार्टी ने शुरुआती चरण में 45 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारियों की नियुक्ति की है। 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद से ही पार्टी लगातार संगठन विस्तार और चुनावी तैयारियों में जुटी है।
उन्होंने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि आजाद समाज पार्टी ने नगीना और डुमरियागंज सीट पर चुनाव लड़ा था। नगीना में पार्टी को जीत मिली, जबकि डुमरियागंज में 80 हजार से अधिक वोट हासिल हुए। इन परिणामों के बाद पार्टी ने अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने पर काम तेज किया है।

SC, ST, OBC और अल्पसंख्यकों को नेतृत्व का मौका
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि 2027 के चुनाव में पार्टी का प्रयास रहेगा कि SC, ST, OBC और अल्पसंख्यक समाज समेत कमजोर वर्गों के लोगों को नेतृत्व का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि किसी जाति या वर्ग को अवसर से वंचित नहीं रखा जाएगा।
हालांकि, आजाद समाज पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इस सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका फैसला पार्टी स्तर पर किया जाएगा और आधिकारिक घोषणा बाद में की जाएगी।
मधुबन से जीत का किया दावा
चंद्रशेखर आजाद ने मधुबन विधानसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी शिवसागर की जीत का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि शिवसागर लंबे समय से क्षेत्र में सक्रिय हैं और लोगों की समस्याओं को लेकर धरना-प्रदर्शन करते रहे हैं। उनके अनुसार, क्षेत्र की जनता का शिवसागर पर भरोसा है।

गोरखपुर को ‘स्पेन’ बताए जाने पर कसा तंज
मंच से चंद्रशेखर आजाद ने गोरखपुर को लेकर की गई ‘स्पेन’ वाली टिप्पणी पर भी तंज कसा। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि जब उन्होंने गोरखपुर के स्पेन बनने की बात सुनी तो मजाक में वीजा काउंटर तलाशने लगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई इलाकों में आज भी जलभराव और बाढ़ की समस्या है। मधुबन क्षेत्र को भी बाढ़ प्रभावित बताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल बाढ़ के नाम पर धनराशि जारी होती है, लेकिन समय रहते पर्याप्त तैयारियां नहीं की जातीं। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा मिलने की व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
AI वीडियो को लेकर बोले- जनता के मुद्दे ज्यादा जरूरी
अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित कथित AI वीडियो को लेकर पूछे गए सवाल पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि वह जानते हैं कि AI के जरिए इस तरह के वीडियो बनाए जा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप चलते रहते हैं, लेकिन जनता की वास्तविक समस्याओं का समाधान होना जरूरी है। उनकी पार्टी रोजगार, आरक्षण और अन्य जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रही है।

आरक्षण, रोजगार और कानून व्यवस्था को बताया बड़ा मुद्दा
सांसद ने कहा कि प्रदेश में आरक्षण, युवाओं की नौकरी, रोजगार और कानून व्यवस्था बड़े मुद्दे हैं। उन्होंने अंकित बालियान हत्याकांड का जिक्र करते हुए प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए और सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने दावा किया कि जनता मौजूदा सरकार से परेशान है और 2027 के विधानसभा चुनाव का इंतजार कर रही है। चंद्रशेखर आजाद ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर टिप्पणी करते हुए प्रदेश को ‘जंगल प्रदेश’ भी बताया।
सपा नेता के बयान पर पार्टी को दी नसीहत
समाजवादी पार्टी के एक एमएलसी के कथित बयान कि अखिलेश यादव जिसे भी चुनाव मैदान में उतारेंगे, उसे वोट देना होगा, पर चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि इस तरह के बयान पर संबंधित पार्टी को विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को जनता और लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति बनानी चाहिए।
