![]()
हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर स्थित शाहपुर गांव में हुए महकार हत्याकांड के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार रात हुई पथराव की घटना के बाद समय पर प्रभावी कार्रवाई न करने के आरोप में शाहपुर चौकी प्रभारी राजन को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई सोमवार को एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह के निर्देश पर स्थानीय पुलिस अधिकारियों की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। पढ़िए पूरा मामला घटना की शुरुआत शुक्रवार रात को हुई थी, जब शाहपुर गांव निवासी गीता के मकान पर कुछ लोगों ने हमला कर पथराव किया। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। हालांकि, आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं की। पुलिस की ढिलाई से नाराज होकर आरोपी पक्ष ने अगले दिन शनिवार को गीता के भाई महकार को निशाना बनाया। हमलावर महकार के फार्म हाउस पर पहुंचे और उस पर जानलेवा हमला किया, जिससे महकार की मौत हो गई। इस वारदात के बाद गांव में तनाव फैल गया, जिसके मद्देनजर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। महकार की हत्या के बाद परिजनों और ग्रामीणों में पुलिस के प्रति गहरा आक्रोश देखा गया। उनका आरोप था कि यदि शुक्रवार रात की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की होती, तो महकार की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों से भी की थी। दारोगा सस्पेंड मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी केजी सिंह ने स्थानीय अधिकारियों से जांच रिपोर्ट मांगी। रिपोर्ट में चौकी प्रभारी राजन की ओर से कर्तव्य में शिथिलता पाए जाने के बाद उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। फिलहाल, गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस की कई टीमें महकार की हत्या में शामिल फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
Source link
महकार हत्याकांड में चौकी प्रभारी निलंबित:पथराव के बाद कार्रवाई में देरी पर एसपी ने लिया एक्शन