![]()
कानपुर के कैंट में रविवार देर शाम पांच बाइक सवार युवकों ने घर में घुसकर महिला को गोली मार दी। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक महिला के पति को तमाचा मारने का बदला लेने पहुंचे थे। इस दौरान घर में मौजूद महिला की छोटी बहन बीच-बचाव करने लगी, तभी एक युवक ने उसे गोली मार दी। गोली मारने के बाद पांचों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। सूचना पर कैंट पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है। पति से विवाद के दो घंटे बाद पहुंचे युवक कैंट के सत्तीचौरा निवासी सरोजनी निषाद की शादी 2020 में उन्नाव के कल्लूपुरवा गंगाघाट निवासी संतोष से हुई थी। सरोजनी के मुताबिक, पति और ससुरालवालों की प्रताड़ना के चलते वह करीब दो साल पहले ससुराल छोड़कर मायके में रहने लगी थी। दोनों के बीच 2024 से कोर्ट में मामला चल रहा है। रविवार शाम करीब 5 बजे संतोष अपनी ससुराल पहुंचा। यहां किसी बात को लेकर उसका सरोजनी से विवाद हो गया। विवाद के दौरान सरोजनी ने संतोष को तमाचा मार दिया। इसके बाद संतोष धमकी देते हुए वहां से चला गया। करीब दो घंटे बाद संतोष का भाई विनोद चार अन्य लोगों के साथ दो बाइकों से सरोजनी के घर पहुंचा। आरोप है कि सभी युवक तमंचे लेकर आए थे। घर पहुंचते ही उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया और पूछा कि उनके भाई को तमाचा किसने मारा। बीच-बचाव करने आई बहन को मारी गोली इस दौरान घर में मौजूद सरोजनी की छोटी बहन सामने आ गई और युवकों का विरोध करने लगी। आरोप है कि इसी बीच संतोष ने तमंचा निकालकर उसके सीने और पेट के बीच सटाकर गोली मार दी। गोली लगते ही महिला खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गई। वारदात के बाद पांचों आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजन घायल महिला को आनन-फानन में केपीएम अस्पताल, बिरहाना रोड ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर वारदात की जानकारी जुटाई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के विवाद के बाद बदले की बात सामने आई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का पूरा खुलासा किया जाएगा।
Source link
कानपुर कैंट में महिला की गोली मारकर हत्या:भाई को तमाचा मारने पर किया साली का मर्डर, दो साल से चल रहा था कोर्ट केस