कानपुर देहात में सज्जादानशीन ने एसपी से मांगी सुरक्षा:दरगाह में 2 हजार लोगों की भीड़ घुसी, गाली-गलौज और धमकी का आरोप


कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित दरगाह शरीफ में विवाद सामने आया है। दरगाह के सज्जादानशीन ने शनिवार को एसपी को शिकायती पत्र दिया। आरोप लगाया कि करीब दो हजार लोगों की भीड़ दरगाह में घुस आई और उनके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने मामले में FIR दर्ज करने और अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। मामला अकबरपुर के बारा बड़ा तकिया स्थित दरगाह शरीफ हजरत सय्यद सामान अली शाह मलंग मदारी रहमतुल्लाह अलैह से संबंधित है। शिकायतकर्ता के अनुसार, दरगाह को लेकर अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन द्वितीय कानपुर देहात की अदालत में वाद संख्या 57/23 लंबित है। आरोप है कि कोर्ट द्वारा दरगाह परिसर में धार्मिक गतिविधियों पर रोक के बावजूद विपक्षी लगातार विवाद कर रहे हैं। शिकायत में बताया गया है कि 25 मई 2026 को एक लिखित समझौते के तहत विपक्षियों ने थाना स्थानीय में दरगाह में हस्तक्षेप न करने का अनुरोध किया था। इसके बावजूद, 26 अगस्त की शाम करीब साढ़े पांच बजे नामजद लोगों सहित लगभग दो हजार अज्ञात व्यक्तियों की भीड़ दरगाह में पहुंच गई। आरोप है कि भीड़ ने सज्जादानशीन के साथ अभद्रता की और उन्हें जान से मारने के लिए लोगों को उकसाया, जिससे वहां तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से पलायन किया। उन्होंने एसपी को दिए शिकायती पत्र में पुराने विवादों का भी उल्लेख किया है, जिसमें उन पर पहले भी हमले के प्रयास और दरगाह के पूर्व सज्जादानशीन की हत्या का जिक्र है। शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने और उन्हें सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। अकबरपुर कोतवाली प्रभारी हरमीत सिंह ने जानकारी दी कि शिकायती पत्र के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *