OpenAI Office Espionage | Saudi National Arrested for Recording Device

सैन फ्रांसिस्को6 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
OpenAI के ऑफिस में जासूसी का आरोपी सऊदी नागरिक अब्दुलरहमान अलफोजान। - Dainik Bhaskar

OpenAI के ऑफिस में जासूसी का आरोपी सऊदी नागरिक अब्दुलरहमान अलफोजान।

अमेरिका की AI कंपनी OpenAI के सैन फ्रांसिस्को स्थित ऑफिस में जासूसी की कोशिश का मामला सामने आया है। कंपनी के एक कर्मचारी पर अधिकारियों की गोपनीय बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए कॉन्फ्रेंस रूम में टीवी के पीछे रिकॉर्डिंग डिवाइस छिपाने का आरोप है।

कंपनी ने अपने AI मॉडल की मदद से आरोपी की पहचान की, जिसके बाद FBI ने सऊदी नागरिक अब्दुलरहमान अलफोजान को गिरफ्तार कर लिया।

टीवी के पीछे USB पोर्ट में लगा डिवाइस।

टीवी के पीछे USB पोर्ट में लगा डिवाइस।

टॉयलेट पेपर में छिपाकर लगाया था रिकॉर्डर

OpenAI के मुताबिक, 30 सितंबर को कंपनी के कर्मचारियों को सुरक्षा जांच के दौरान यह डिवाइस मिला था। यह अंगूठे के आकार का था।

इसे सैन फ्रांसिस्को स्थित कंपनी के ऑफिस में एक कॉन्फ्रेंस रूम के टीवी के पीछे USB पोर्ट में लगाया गया था। डिवाइस को टॉयलेट पेपर में छिपाया गया था।

इसमें माइक्रोफोन, अलग किया जा सकने वाला कैमरा सेंसर और डेटा स्टोर करने के लिए माइक्रो SD कार्ड था।

कंपनी के मुताबिक, इसे 28 सितंबर के आसपास लगाया गया था। डिवाइस में मौजूद डेटा एन्क्रिप्टेड था, इसलिए उसकी रिकॉर्डिंग नहीं सुनी जा सकी।

AI चैटबॉट से भी मदद ली थी

अमेरिकी जांचकर्ताओं का आरोप है कि अलफोजान ने डिवाइस लगाने की तैयारी पहले से की थी। उसने एक प्रोडक्टिविटी टूल के जरिए कंपनी की इमारतों, मीटिंग रूम, अधिकारियों के आने-जाने के समय और बाहरी साझेदारों के साथ होने वाली बैठकों की जानकारी हासिल की।

जांचकर्ताओं के मुताबिक, 24 से 30 सितंबर के बीच उसने अपनी पत्नी से जुड़े AI चैटबॉट अकाउंट का इस्तेमाल कर डिवाइस बनाने, उसे लगाने, ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच करने, छिपाने और दूर से एक्सेस करने के बारे में सवाल पूछे थे।

जिस कॉन्फ्रेंस रूम में डिवाइस लगाया गया था, वहां OpenAI के अधिकारी गोपनीय मुद्दों पर चर्चा करते थे।

शिकायत के मुताबिक, CCTV फुटेज में अलफोजान कई तारीखों पर उस कमरे के आसपास दिखाई दिया, जबकि उसे वहां जाने या उन बैठकों में शामिल होने की अनुमति नहीं थी।

दूसरे कमरे में भी रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला

जांचकर्ताओं के मुताबिक, 5 अक्टूबर को CCTV फुटेज में अलफोजान कॉन्फ्रेंस रूम में जाकर टीवी के पीछे देखते हुए नजर आया। उसी दिन उसने एक दूसरे कमरे में अपना बैग छोड़ दिया था।

OpenAI के सुरक्षा कर्मचारियों ने बैग की जांच की तो उसमें अलफोजान का वॉलेट, पहचान पत्र और पहले डिवाइस जैसा एक दूसरा एन्क्रिप्टेड रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला।

आरोप है कि बाद में अलफोजान ने अपना बैग वापस लिया और शिकायत की कि उसका कुछ सामान गायब है। हालांकि, उसने दूसरे रिकॉर्डिंग डिवाइस का जिक्र नहीं किया।

OpenAI के ऑफिस में रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला।

OpenAI के ऑफिस में रिकॉर्डिंग डिवाइस मिला।

दोष साबित होने पर 5 साल तक की जेल

35 साल के अलफोजान सऊदी अरब के नागरिक हैं और अमेरिका में स्थायी रूप से रहने की अनुमति रखते हैं। वे जुलाई 2025 में OpenAI से जुड़े थे।

उन्हें 9 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया और मंगलवार को पहली बार संघीय अदालत में पेश किया गया।

अमेरिकी न्याय विभाग के मुताबिक, दोष साबित होने पर उन्हें 5 साल तक की जेल, 2.5 लाख डॉलर (करीब 2.3 करोड़ रुपए) तक का जुर्माना और तीन साल तक निगरानी में रहने की सजा हो सकती है।

OpenAI ने नौकरी से निकाला, डेटा चोरी के सबूत नहीं

OpenAI ने कहा कि फिलहाल उसे ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे पता चले कि अलफोजान ने कंपनी के AI मॉडल के मूल डेटा, सोर्स कोड या ग्राहकों की जानकारी तक गलत तरीके से पहुंच बनाई या उसे बाहर भेजा। कंपनी ने घटना के बाद उन्हें नौकरी से निकाल दिया।

अलफोजान वेंचर कैपिटल फर्म राएद वेंचर्स में भी वेंचर पार्टनर हैं। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, OpenAI में वे इंजीनियरिंग लीड थे और AI एजेंट्स तथा डेटा प्लेटफॉर्म पर काम करते थे।

इससे पहले वे मेटा, माईक्रोसॉफ्ट और SAP में भी काम कर चुके हैं। उन्होंने MIT से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है।

————————-

ये खबर भी पढ़ें…

पूर्व बांग्लादेशी एडवाइजर यूनुस को लोगों ने आतंकवादी कहा: न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर घेरा

बांग्लादेश के पूर्व चीफ एडवाइजर मोहम्मद यूनुस को अमेरिका के न्यूयॉर्क एयरपोर्ट पर विरोध का सामना करना पड़ा। एयरपोर्ट पर मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और ‘आतंकवादी’ कहा। पूरी खबर यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.