![]()
कानपुर में पिछले दिनों से हो रही बारिश के बीच शहर में जर्जर मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। शनिवार सुबह बिरहाना रोड स्थित नील वाली गली में एक पुराना जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
यह मकान कई वर्षों पुराना था और एक ट्रस्ट का था। इसमें मुन्नी देवी अपने दो बेटों के साथ रहती थीं। जो मौजूदा समय में कलकत्ता में परिवार के साथ रहती हैं। मकान पहले से ही काफी जर्जर हालत में था। दीवारों और अन्य हिस्सों में दरारें भी आ गई थीं। लगातार बारिश के कारण मकान और कमजोर हो गया था। मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिरा शनिवार सुबह अचानक मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय मकान के अंदर कोई मौजूद नहीं था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान की हालत लंबे समय से खराब थी और बारिश के बाद इसके गिरने का खतरा बना हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके का निरीक्षण करने के साथ ही मलबा हटाने का काम शुरू कराया। वहीं पार्षद विकास जायसवाल ने बताया कि मौके पर नगर निगम की टीम को बुलाकर मलबा हटाने को कहा गया है। खबर अपडेट की जा रही है…
Source link
कानपुर के बिरहाना रोड पर भरभराकर गिरा जर्जर मकान:नील वाली गली में मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचा परिवार