विधायक केतकी सिंह बीमार होने पर भी पहुंचीं कार्यक्रम स्थल:मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल का लिया जायजा, बोलीं- वेंटिलेटर पर भी होती तो भी आती


बलिया में मुख्यमंत्री के 29 अगस्त को प्रस्तावित दौरे की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इसी क्रम में बांसडीह विधानसभा की विधायक केतकी सिंह ने अपनी खराब तबीयत के बावजूद कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। तहसील बांसडीह के ग्राम गलाफरपुर स्थित प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह लगातार तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। विधायक केतकी सिंह सिर पर गमछा और आंखों पर चश्मा लगाए कार्यक्रम स्थल पहुंचीं। उन्होंने वहां मौजूद अधिकारियों और कार्यकर्ताओं से तैयारियों के संबंध में जानकारी ली। दैनिक भास्कर के सवाल पर कि खराब तबीयत के बावजूद वह कार्यक्रम स्थल पर क्यों पहुंचीं, विधायक ने कहा, “यह हम सभी का सौभाग्य है कि इस दीयर क्षेत्र में, जिसे कभी किसी नेता ने नहीं पूछा, वहां हमारे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आ रहे हैं। मैं बांसडीह की विधायक हूं। मुझे याद नहीं कि मेरी विधानसभा में कोई मुख्यमंत्री व्यक्तिगत कार्यक्रम के अलावा सार्वजनिक कार्यक्रम करने कभी आया हो।” उन्होंने आगे कहा, “जब हमारे महाराज जी इस क्षेत्र में आ रहे हैं तो तबीयत खराब क्या, अगर हम वेंटिलेटर पर भी होंगे, तो भी हम खड़े होंगे और अपने महाराज के स्वागत में कोई कमी न हो, इसका सौ प्रतिशत प्रयास होगा।” मुख्यमंत्री के आने के मुख्य उद्देश्य के बारे में पूछे जाने पर विधायक ने बताया कि उनका मुख्य मकसद बाढ़ पीड़ितों से मिलना है। वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और कटान वाले स्थानों का निरीक्षण करेंगे। विधायक ने बताया कि विधानसभा में 110 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं पूरी की गई हैं। कुछ काम महाराजपुर और अन्य स्थानों पर बाकी हैं, जिन्हें मुख्यमंत्री देखकर पूरा कराएंगे। वे बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री भी वितरित करेंगे और उन्हें विश्वास दिलाएंगे कि सरकार उनके साथ है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *