![]()
सुल्तानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम घरेलू विवाद के बाद युवती ने शारदा सहायक नहर खंड-16 में छलांग लगा दी। घटना मथाना पुल के पास शाम करीब 5:30 बजे हुई। युवती के नहर में कूदने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। मथाना मजरे रसहरा निवासी महक (18) के नहर में छलांग लगाने की जानकारी वहां मौजूद एक युवक ने ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। महक की बड़ी बहन ने पुलिस को बताया कि घर में किसी बात को लेकर विवाद होने के बाद वह नाराज हो गई थी। बड़ी बहन ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन महक नहीं मानी और नहर में छलांग लगा दी। सूचना पर बल्दीराय इंस्पेक्टर महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई। करीब तीन गोताखोरों ने दो घंटे से अधिक समय तक नहर में युवती की तलाश की, लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। पुलिस के अनुसार, नहर में पानी का बहाव तेज है, जिससे तलाशी अभियान में परेशानी आ रही है। अब युवती की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) की टीम को बुलाया जाएगा। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार मौके पर निगरानी बनाए हुए हैं।
Source link
सुल्तानपुर में युवती ने नहर में लगाई छलांग:2 घंटे तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग, बहन ने कहा- परिवार से नाराज होकर कूदी