![]()
मैनपुरी में ग्राम सभा की सरकारी जमीन पर कथित कब्जे को लेकर एक ग्रामीण ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। यह मामला बरनाहल क्षेत्र के मौजा सजावरपुर की नवीन परती भूमि से संबंधित है। नगला नधा निवासी श्यामवीर पुत्र अजब सिंह का आरोप है कि गाटा संख्या 88 (रकबा 0.080 हेक्टेयर) और गाटा संख्या 84 (रकबा 0.060 हेक्टेयर) पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। शिकायतकर्ता श्यामवीर के अनुसार, गाटा संख्या 84 पर रामसेवक और हरप्रसाद पुत्र छोटे लाल ने ईंट, गिट्टी और मलबा डालकर कब्जा किया है। इसी गाटा संख्या पर रविंद्र कुमार और कैलाश चंद्र पुत्र बनारसी लाल पर खेत में जमीन जोतने का आरोप है। इसके अतिरिक्त, गाटा संख्या 88 की नवीन परती भूमि पर भी रविंद्र और कैलाश चंद्र ने पक्का मकान बनाकर कब्जा कर लिया है।
श्यामवीर ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में कई बार शिकायतें दर्ज कराई हैं। पहली शिकायत 1 जुलाई 2025 को उपजिलाधिकारी घिरोर को दी गई थी। इसके बाद 29 अक्टूबर 2025 को जिलाधिकारी से भी शिकायत की गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन शिकायतों के बाद प्रस्तुत जांच रिपोर्ट में दोनों गाटों को कब्जामुक्त और खाली बताया गया, जबकि मौके पर स्थिति भिन्न थी। 18 दिसंबर 2025 को श्यामवीर ने पुनः जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया। इस बार की जांच रिपोर्ट में गाटा संख्या 88 पर ग्रामीणों द्वारा पक्के मकान बनाए जाने की बात सामने आई। वहीं, गाटा संख्या 84 के संबंध में शिकायतकर्ता पर ही धूरा (कचरा) डालने का आरोप लगाया गया और कार्रवाई की बात कही गई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच रिपोर्ट में स्थिति स्पष्ट होने के बावजूद अब तक अवैध कब्जा हटाने के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने प्रशासन से दोनों गाटों की मौके पर दोबारा जांच कराने, सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Source link
मैनपुरी में सरकारी जमीन पर कब्जा:तीन शिकायतों के बाद भी कार्रवाई नहीं, ग्रामीण ने डीएम से लगाई गुहार